IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में ग्लेन मैक्सवेल नहीं लेंगे हिस्सा, नीलामी के लिए नहीं किया रजिस्ट्रेशन

Glenn Maxwell: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने आईपीएल 2026 के लिए अपना रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है। इसका मतलब साफ है कि मैक्सवेल इस सीजन किसी भी टीम से नहीं खेलते दिखेंगे।
IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में ग्लेन मैक्सवेल नहीं लेंगे हिस्सा, नीलामी के लिए नहीं किया रजिस्ट्रेशन
ग्लेन मैक्सवेल (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Glenn Maxwell withdrew from IPL 2026 Auction: आईपीएल 2026 के लिए सभी टीमों ने अपने रिटेन प्लेयर की लिस्ट जारी कर दी है। अब आईपीएल 2026 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को अबु धाबी में आयोजित किया जाएगा। इस बार नीलामी में कुल 1355 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन किया है। इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल का नाम नहीं है। नीलामी सूची में मैक्सवेल का नाम न होने से यह स्पष्ट हो गया है कि अगले सीजन में वह मैदान पर नहीं दिखेंगे।

ग्लेन मैक्सवेल पिछले सीजन में पंजाब किंग्स का हिस्सा थे। चोट के कारण वो बीच सीजन से ही बाहर हो गए थे। उंगली में चोट के कारण उन्हें बाहर होना पड़ा था। जिसके बाद टीम ने मिचेल ओवेन को शामिल किया। उसके बाद से भी कुछ समय मैक्सवेल चोटिल रहे। लेकिन हाल में ही उन्होंने मैदान पर वापसी कर ली है।

IPL 2026 के लिए नहीं कराया रजिस्ट्रेशन

मैक्सवेल हाल ही में भारत के खिलाफ खेले गए 5 टी20 मैचों में ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे, जिससे स्पष्ट होता है कि वह पूरी तरह फिट हैं। इसके बावजूद उन्होंने IPL 2026 के लिए अपनी नीलामी में नाम दर्ज नहीं कराया, जो सुर्खियों में है। मैक्सवेल की इस फैसले के पीछे कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। 37 साल की उम्र में यह कदम उनके IPL करियर के अंत का संकेत भी हो सकता है।

2012 से खेल रहे थे आईपीएल

मैक्सवेल 2012 से आईपीएल खेल रहे हैं। वह दिल्ली डेयरडेविल्स, मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स, और आरसीबी के लिए खेल चुके हैं। दाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज और स्पिन गेंदबाज मैक्सवेल ने अपने आईपीएल करियर में 141 मैचों में 155.15 की स्ट्राइक रेट से 2,819 रन बनाए हैं। इस दौरान 18 अर्धशतक उन्होंने लगाए हैं। इसके अलावा 41 विकेट भी उन्होंने लिए हैं।

पिछला दो सीजन मैक्सवेल का रहा खराब

एक बल्लेबाज के रूप में पिछले 2 सीजन मैक्सवेल के लिए अच्छे नहीं रहे थे। 2024 में आरसीबी के लिए 10 मैचों में मात्र 52 रन बनाने वाले मैक्सवेल 2025 में पंजाब किंग्स के लिए 7 मैचों में 48 रन बना सके। लगातार दो सीजन की असफलता भी नीलामी में उनके नाम न देने की वजह हो सकती है।

2014 और 2021 में मचाया था धमाल

2014 और 2021 मैक्सवेल के लिए बेहतरीन सीजन रहा है। 2014 में पंजाब के लिए 16 मैचों में 552 रन उन्होंने बनाए थे। वहीं 2021 में आरसीबी के लिए 15 मैचों में उन्होंने 513 रन बनाए थे। 2023 में भी आरसीबी के लिए 14 मैचों में 400 रन उन्होंने बनाए थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com