

स्पोर्ट्स डेस्क: 13 साल बाद भारत के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली रणजी ट्रॉफी खेलने मैदान पर उतरे हैं। वह दिल्ली के लिए रेलवे के खिलाफ दिल्ली के जेटली स्टेडियम में खेल रहे हैं। उनका ये मुकाबला देखने के लिए स्टेडियम में फैंस की भीड़ उमड़ गई है। हर कोई उनकी एक झलक पाने के लिए स्टेडियम पहुंचा है। इतना ही नहीं एक फैन ने तो मैदान के अंदर ही छलांग लगा ली और कोहली के करीब पहुंच गया।
दरअसल, विराट कोहली ने 2012 में आखिरी बार रणजी ट्रॉफी खेला था। उसके बाद से ही वह घरेलू क्रिकेट से काफी दूर हैं, लेकिन बीसीसीआई ने अब सभी खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट खेलने का निर्देश दिया है। इसी वजह से कोहली 13 साल बाद रणजी खेलने मैदान पर उतरे हैं। फैंस कोहली को एक बार फिर बल्लेबाजी करते देखने के लिए बेताब है। लेकिन इस मुकाबले के दौरान उनकी सुरक्षा में भी चूक हई है।
टॉस जीतकर जब दिल्ली की टीम फील्डिंग कर रही थी। तब एक फैन सुरक्षा की सारी लाइन को पार करते हुए विराट कोहली के करीब पहुंच गया। जहां उसके कोहली के पैर छुए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सोशळ मीडिया पर इस वीडियो को देखकर फैंस कई तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
विराट कोहली के लिए फैंस का ये गजब का क्रेज देखते हुए बीसीसीआई ने इस मुकाबले का लाइव प्रसालण करने का भी फैसला लिया था। जबकि बीसीसीआई रणजी का लाइव प्रसारण नहीं करता है, लेकिन कोहली की फैन फॉलोविंग को देखते हुए बोर्ड को ये फैसला लेना पड़ा था। इस मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट जियो सिनेमा पर हो रहा है।
जानकारी के लिए बता दें कि भारत को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में करारी हार का सामना करना पड़ा था। जहां भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर काफी सवाल खड़े हुए थे। जिसके बाद बीसीसीआई ने दिशा निर्देश जारी किए थे कि अब हर खिलाड़ी को घरेलू क्रिकेट खेलना अनिवार्य है।