हर कोई भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल देखना चाहेगा: शेन वॉटसन

Shane Watson On IND vs PAK
Published on: 
Updated on: 

सिडनी: भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच मैच के दौरान रोमांच अपनी पराकाष्ठा पर होता है और यही वजह है कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन (Shane Watson) इन दोनों प्रतिद्वंद्वियों के बीच टी20 विश्व कप (T20 World Cup 2022) का खिताबी मुकाबला देखना चाहते हैं। भारत और पाकिस्तान ग्रुप चरण में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर एक दूसरे का सामना कर चुके हैं जिसमें विराट कोहली ने टी20 क्रिकेट की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक पारी खेली थी।

अब यह दोनों टीमें सेमीफाइनल में जगह बना चुकी हैं और ऐसे में भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी मुकाबले के कयास लगाए जा रहे हैं। भारत गुरुवार को एडिलेड में दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगा जबकि पाकिस्तान का मुकाबला सिडनी में इससे एक दिन पहले न्यूजीलैंड से होगा। 

प्रतियोगिता की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार वॉटसन ने कहा,‘‘ हर कोई पाकिस्तान और भारत को फाइनल में देखना पसंद करेगा। मैं दुर्भाग्य से एमसीजी में सुपर 12 के उस मैच को नहीं देख पाया था क्योंकि मैंने उससे पहले ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के मैच की कमेंट्री की थी।''

उन्होंने कहा,‘‘ लेकिन मैंने जो रिपोर्ट पढ़ी और उस मैच को देखने वाले लोगों से सुना, उनके अनुसार यह मैच विशेष था और इसे टीवी पर देखने का भी अलग आनंद था। वे 2007 में टी-20 विश्वकप के फाइनल में खेले थे और हर कोई उन्हें फिर से फाइनल में खेलता हुआ देखना पसंद करेगा।'' (एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com