IPL 2025: अपनी गलतियों से बाज नहीं आ रहे दिग्वेश राठी, BCCI ने इस बार दे दी कड़ी सजा

लखनऊ के स्पिनर दिग्वेश राठी पर आईपीएल की आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन करने के बाद लगातार दूसरी बार उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
IPL 2025: अपनी गलतियों से बाज नहीं आ रहे दिग्वेश राठी
दिग्वेश राठी (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

स्पोर्ट्स डेस्क: लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए आईपीएल 16वें मुकाबले में दिग्वेश सिंह राठी को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। उनके शानदार प्रदर्शन के कारण ही लखनऊ ने मुंबई को 12 रनों से हराया। इसी बीच दिग्वेश राठी ने फिर कुछ ऐसा कर दिया कि बीसीसीआई एक्शन में आ गई।

लखनऊ के स्पिनर दिग्वेश राठी पर आईपीएल की आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन करने के बाद लगातार दूसरी बार उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। राठी को मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज नमन धीर को आउट करने के बाद सेलिब्रेशन मनाने के लिए यह जुर्माना लगाया है।

राठी को मिला एक और डिमेरिट अंक

राठी को पंजाब किंग्स के खिलाफ सर्वाधिक विकेट लेने का जश्न मनाने के लिए उनकी मैच फीस का आधा हिस्सा भी देना पड़ा था। उन्होंने मुंबई के बल्लेबाज नमन धीर को आउट करने के बाद फिर से नोटबुक लिखने की शैली में जश्न मनाया। बीसीसीआई के अनुसार, इस सत्र में आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के तहत यह उनका दूसरा अपराध था और इसके लिए उनके खाते में एक और डिमेरिट अंक जोड़ दिया गया है। इस तरह से उनके नाम पर अब दो डिमैरिट अंक जमा हो गए हैं।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में लखनऊ सुपर जाइंट्स के लिए दिग्वेश राठी तुरुप का इक्का साबित हो रहे हैं। दिल्ली के रहने वाले इस 25 वर्षीय गेंदबाज ने अभी तक 7.62 की इकॉनमी रेट से छह विकेट लिए हैं।

लखनऊ के कप्तान पर लगाया गया जुर्माना

लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत पर स्लो ओवर रेट के कारण जुर्माना लगाया है। लखनऊ की टीम निर्धारित समय से एक ओवर पीछे चल रही थी। इस कारण उसे अंतिम ओवर में 30 गज के बाहर एक क्षेत्ररक्षक कम रखने के लिए मजबूर होना पड़ा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि आईपीएल आचार संहिता के धीमी ओवर गति से संबंधित अनुच्छेद 2.22 के तहत यह उनकी टीम का सत्र का पहला अपराध था, इसलिए ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com