

Dhruv Jurel Jay Jawan Jay Kisan Tattoo: भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शानदार शतक लगाकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में बारिश से प्रभावित दूसरे दिन जुरेल ने नाबाद 115 रन की पारी खेली। ये उनके टेस्ट करियर का दूसरा शतक है।
हालांकि, जुरेल का ये शतक सिर्फ उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए ही खास नहीं रहा, बल्कि इसे मनाने का उनका अंदाज भी चर्चा में आ गया। शतक पूरा करने के बाद जुरेल ने अपनी बाईं बांह पर बना टैटू दिखाया, जिस पर 'जय जवान, जय किसान' लिखा हुआ है।
ध्रुव जुरेल ने बताया कि ये टैटू उनके परिवार और उनकी जड़ों से जुड़ा है। उनके दादा किसान थे, जबकि उनके पिता सेना में रहे हैं। जुरेल ने कहा कि वो अपनी जड़ों को कभी नहीं भूलना चाहते और इसी वजह से उन्होंने शतक का जश्न अपने परिवार को समर्पित किया।
ध्रुव जुरेल ने अपनी पारी के दौरान बेहद धैर्य के साथ बल्लेबाजी की। उन्होंने 177 गेंदों का सामना किया और ज्यादातर समय बिना कोई बड़ा जोखिम लिए रन बनाए। उनकी पारी ने भारत को 307/6 के मुश्किल स्कोर से संभालते हुए 503/9 पर पारी घोषित करने में मदद की।
इस दौरान जुरेल ने ऋषभ पंत के साथ भी शानदार साझेदारी की। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 112 रन जोड़े। पंत ने भी मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद 63 रन की अहम पारी खेली।
बारिश के कारण जुरेल जब 95 रन पर थे, तभी खेल रोकना पड़ा। खेल दोबारा शुरू होने के बाद उन्होंने ज्यादा समय नहीं लिया और 171 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। शतक के बाद जुरेल ने तेजी से रन बनाए और असिथा फर्नांडो की गेंदों पर लगातार दो छक्के भी लगाए।इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने 503/9 के स्कोर पर भारत की पारी घोषित कर दी।
जुरेल ने ऋषभ पंत की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि वह अलग-अलग मैच की परिस्थितियों में पंत से सलाह लेते रहते हैं। जुरेल ने कहा कि पंत शानदार खिलाड़ी हैं और वो उनसे पूछते रहते हैं कि अलग-अलग परिस्थितियों में क्या करना चाहिए।
जुरेल की इस शानदार पारी के बाद भारत ने श्रीलंका को पहली पारी में मुश्किल स्थिति में डाल दिया। दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने सिर्फ 8 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में जुरेल का शतक भारत को दूसरे टेस्ट में मजबूत स्थिति में पहुंचाने में बेहद अहम साबित हुआ।