क्राइस्टचर्च में ध्रुव जुरेल का धमाका, अर्धशतक जड़ MS धोनी के खास क्लब में हुए शामिल; आकाशदीप चोटिल होकर बाहर

IND vs NZ 2nd Test: क्राइस्टचर्च टेस्ट में ध्रुव जुरेल ने 88 रनों की पारी खेलकर भारत को फॉलोऑन से बचाया और न्यूजीलैंड में धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी की। वहीं, आकाशदीप चोटिल होकर मैच से बाहर हो गए हैं।
IND VS NZ
भारत बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट सोर्स- BCCI
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • ध्रुव जुरेल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 88 रन बनाए।

  • वे अपने शतक से महज 12 रन दूर रह गए।

  • सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने भारत को मुश्किल हालात से बाहर निकाला।

  • जुरेल ने 170 गेंदों का सामना किया और 14 चौके लगाए।

MS Dhoni Record, Akash Deep Concussion Substitute: भारतीय युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच की पहली पारी में एक बार फिर अपनी काबिलियत साबित की और भारत को मजबूत स्थिती में पहुंचाया।

क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे इस मुकाबले में जुरेल भले ही अपने शतक से महज 12 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी 88 रनों की जुझारू पारी ने टीम इंडिया को बड़ी मुसीबत से बाहर निकाल लिया। मुश्किल हालातों में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे जुरेल ने 170 गेंदों का सामना किया और 14 शानदार चौके लगाए।

भारत को फॉलोऑन के खतरे से बचाया

मैच के दौरान एक समय भारतीय टीम 104 रन पर अपने पांच प्रमुख विकेट गंवाकर भारी दबाव में थी। ऐसे नाजुक मोड़ पर ध्रुव जुरेल ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर अहम साझेदारियां कीं। जुरेल ने पहले आकाशदीप (52 गेंद पर 29 रन) के साथ आठवें विकेट के लिए 46 रन जोड़े और टीम को फॉलोऑन के खतरे से बाहर निकाला।

इसके बाद उन्होंने अपना डेब्यू मैच खेल रहे गुरनूर बराड़ (46 गेंद पर 10 रन) के साथ नौवें विकेट के लिए 64 रनों की बेशकीमती साझेदारी की। जुरेल की इस पारी के दम पर भारत ने पहली पारी में 246 रन बनाए। न्यूजीलैंड को पहली पारी के 356 रनों के आधार पर 110 रनों की बढ़त मिली है। कीवी टीम की ओर से काइल जैमीसन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 69 रन देकर 4 विकेट झटके।

IND VS NZ
अंडर-19 विमेंस एशिया कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान, भाविका अहीरे बनीं कप्तान, अनादि तागड़े को मिली उप-कप्तानी

एमएस धोनी और किरण मोरे के खास क्लब में हुए शामिल

25 वर्षीय ध्रुव जुरेल ने इस अर्धशतकीय पारी के साथ ही पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी के एक खास क्लब में एंट्री कर ली है। जुरेल अब न्यूजीलैंड की सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में नंबर-7 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए दो या उससे ज्यादा बार 50 से अधिक का स्कोर बनाने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह कारनामा सिर्फ एमएस धोनी और किरण मोरे ने किया था।

एमएस धोनी: धोनी ने न्यूजीलैंड में तीन बार यह कमाल किया था। उन्होंने अप्रैल 2009 में वेलिंगटन टेस्ट की दोनों पारियों में नंबर-7 पर खेलते हुए 52 और नाबाद 56 रन बनाए थे। इसके बाद 2014 में भी उन्होंने इसी मैदान पर नंबर-8 पर उतरकर 68 रनों की पारी खेली थी।

किरण मोरे: पूर्व विकेटकीपर किरण मोरे ने फरवरी 1990 में नेपियर टेस्ट में नंबर-8 पर बल्लेबाजी करते हुए 73 रन और ऑकलैंड टेस्ट में नौवें नंबर पर उतरकर 50 रन बनाए थे।

गौरतलब है कि जुरेल ने वेलिंगटन में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 121 गेंदों में 78 रन बनाए थे, जो ड्रॉ रहा था।

रहाणे के नाम है इस पोजीशन पर इकलौता शतक

न्यूजीलैंड में नंबर-7 या उससे नीचे आकर एक बार 50 प्लस स्कोर बनाने वाले भारतीयों की लिस्ट में अजिंक्य रहाणे, हरभजन सिंह, जहीर खान, जवागल श्रीनाथ, अतुल वासन, सैयद किरमानी, मोहिंदर अमरनाथ और चंदू बोर्डे का नाम शामिल है।

इनमें अजिंक्य रहाणे इकलौते ऐसे भारतीय हैं, जिन्होंने न्यूजीलैंड में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा है। रहाणे ने फरवरी 2014 में वेलिंगटन टेस्ट के दौरान 158 गेंदों में 118 रनों की यादगार पारी खेली थी।

IND VS NZ
विनोद कांबली की मदद को आगे आए एकनाथ शिंदे, इलाज का पूरा खर्च उठाएंगे; बच्चों की पढ़ाई की भी ली जिम्मेदारी

आकाशदीप मैच से बाहर, सिराज हुए नजरअंदाज

दूसरे टेस्ट के बीच भारतीय खेमे के लिए एक बुरी खबर भी आई है। पहली पारी में बल्लेबाजी करते समय तेज गेंदबाज आकाशदीप के सिर पर दो बार गेंद लगी, जिसके चलते वह बीच मैच से बाहर हो गए हैं। टीम मैनेजमेंट ने उनके कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है, जो अब दूसरी पारी में गेंदबाजी कर रहे है।

हैरानी की बात यह रही कि टीम के पास मोहम्मद सिराज को शामिल करने का अच्छा मौका था, लेकिन उन्हें एक बार फिर नजरअंदाज कर दिया गया। बता दें कि प्रसिद्ध कृष्णा को पहले टेस्ट में खराब प्रदर्शन के बाद ड्रॉप कर गुरनूर बराड़ को मौका दिया गया था। आकाशदीप का बाहर होना भारत के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि वह पहली पारी में टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए थे, जो उनके टेस्ट करियर का दूसरा फाइव-विकेट हॉल था।