

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका (Australia vs South Africa Test Series) के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (David Warner) ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने 100वे टेस्ट मैच में उन्होंने दोहरा शतक जड़ दिया है। इतना ही नहीं जश्न मनाने के दौरान वह खुद को चोटिल भी कर चुके हैं।
दरअसल, जब वॉर्नर 196 रन पर थे तब उन्होंने चौका लगाकर अपने 200 रन पूरे किए। इसके बाद उन्होंने हवा में छलांग लगाकर शानदार जश्न मनाया। लेकिन इसी दौरान जमीन पर आते हुए उनका बायां पैर चोटिल हो गया। उस चोट की वजह से उन्हें रिटायर्ड होना पड़ा। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वॉर्नर टेस्ट क्रिकेट में अपने करियर के 100वें मैच में शतक जमाने वाले 10वें खिलाड़ी बन गए हैं। जिसमें पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग अकेले प्लेयर रहे हैं।
https://twitter.com/cricketcomau/status/1607613287637864448
बता दें कि, इससे पहले डेविड वॉर्नर ने वनडे क्रिकेट में भी अपने 100वें मैच में सेंचुरी बनाई थी। डेविड वॉर्नर अपने करियर के 100वें वनडे और 100वें टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे और ऑस्ट्रेलिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह कारनामा वेस्टइंडीज के ओपनर गॉर्डन ग्रीनिज (Gordon Greenidge) ने किया था।
ज्ञात हो कि, इससे पहले वॉर्नर ने 28 सितंबर 2017 को अपने 100वें वनडे में शतक जमाया था। यह मैच टीम इंडिया के खिलाफ बेंगलुरु में हुआ था। इस मुकाबले में वॉर्नर ने 124 रनों की पारी खेली थी। वहीं, अब वॉर्नर ने अपने करियर के 100वें टेस्ट में शतक जमाते हुए यह रिकॉर्ड कायम किया है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में वॉर्नर ने दोहरा शतक जमाया है। उन्होंने 254 बॉल पर 200 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने दो छक्के और 16 चौके जड़े।