

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 22 नवंबर से शुरू होने वाली बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के लिए दोनों टीमों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। टीम के सहायक कोच टेस्ट सीरीज को छोड़कर भारत आएंगे। ऑस्ट्रेलिया के सहायक कोच डेनियल विटोरी इस सप्ताह के आखिर में होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की बड़ी नीलामी में भाग लेने के लिए भारत के खिलाफ शुरुआती टेस्ट के बीच में ही अपना कार्यभार छोड़ देंगे।
आईपीएल की नीलामी 24-25 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दा में होगी। पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 22 नवंबर से पर्थ के ऑप्टस मैदान पर शुरू होगा। विटोरी ऑस्ट्रेलिया के सहायक कोच होने के अलावा आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के मुख्य कोच भी हैं। जिसके चलते उन्होंने आईपीएल को ज्यादा प्राथमिकता दी है।
ऑस्ट्रेलिया की टीम के प्रवक्ता ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से कहा कि हम सनराइजर्स हैदराबाद के कोच के तौर डेनियल विटोरी की भूमिका का समर्थन करते है। वह आईपीएल नीलामी में हिस्सा लेने से पहले शुरुआती टेस्ट मैच की पूरी तैयारी करेंगे। वह नीलामी के बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाकी मैचों के लिए टीम के साथ रहेंगे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के राष्ट्रीय विकास कोच लाचलान स्टीवंस पर्थ टेस्ट के दौरान 45 साल के विटोरी की जगह लेंगे। विटोरी के अलावा रिकी पोंटिंग और जस्टिन लैंगर भी आईपीएल नीलामी के कारण ‘चैनल सेवन' के लिए कमेंट्री की भूमिका को नहीं निभा पायेंगे। पोंटिंग पंजाब किंग्स जबकि लैंगर लखनऊ सुपर जायंट्स के मुख्य कोच हैं।
न्यूजीलैंड के इस दिग्गज खिलाड़ी को 2022 में एंड्रयू मैकडोनाल्ड के साथ तीनों प्रारूपों के लिए ऑस्ट्रेलिया का पूर्णकालिक गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया था और उन्होंने टीम के भीतर खुद को इतना निखार लिया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने विटोरी को फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कई कोचिंग भूमिकाएं निभाने की अनुमति दे दी है।