

जोहानिसबर्ग: क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (Cricket South Africa) टी20 विश्व कप (T20 World Cup 2022) से टीम के जल्दी बाहर होने की समीक्षा के लिये पेनल का गठन करेगा और भारत में अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप (ODI World Cup) से पहले जरूरी सुधार के उपाय भी करेगा। दबाव के आगे घुटने टेकने वाले ‘चोकर्स' के ठप्पे के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका आस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप के अहम मुकाबले में नीदरलैंड से हार गया।
दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट (Cricket South Africa) निदेशक एनोच एनवे ने कहा ,‘‘ हमें प्रदर्शन की समीक्षा करनी ही होगी। हम एक समिति का गठन करेंगे।'' उन्होंने कहा ,‘‘ फोकस रिसेट बटन दबाने पर होगा। हम इसे भुलाकर आगे के बारे में सोचेंगे और इसके लिये स्पष्ट रणनीति बनाई जायेगी। हम आगामी विश्व कप की बेहतर तैयारी करेंगे।''
हमेशा टूर्नामेंट से पहले खिताब की प्रबल दावेदार मानी जाने वाली दक्षिण अफ्रीका टीम कभी वनडे या टी20 विश्व कप के फाइनल में नहीं पहुंची है। एनवे ने कहा ,‘‘टीम जीते या हारे, हम टीम के साथ हैं लेकिन यह सवाल करते रहेंगे कि आगे क्या बेहतर किया जा सकता है। '' (एजेंसी)