IND W vs AUS W: आखिरी सीरीज में एलिसा हीली नहीं करेंगी विकेटकीपिंग, इस खिलाड़ी को मिली ये जिम्मेदारी

Alyssa Healy भारतीय टीम के खिलाफ अपनी आखिरी वनडे सीरीज खेलने जा रही हैं, जिसके बाद वह टेस्ट मैच के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगी। बेथ मूनी विकेटकीपिंग करते दिखेगी।
Beth Mooney Set to Become Full-time Wicketkeeper
एलिसा हीली (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Alyssa Healy Retirement Series: ऑस्ट्रेलिया की कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज एलिसा हीली भारतीय टीम के खिलाफ अपनी आखिरी वनडे सीरीज खेलने के लिए तैयार हैं। एलिसा हीली की जगह अब बेथ मूनी को ऑस्ट्रेलिया टीम की नई फुल-टाइम विकेटकीपर नियुक्त किया गया है।

35 वर्षीय हीली मंगलवार को ब्रिस्बेन के एलन बॉर्डर फील्ड में होने वाले पहले वनडे में टीम की कप्तानी करेंगी। यह मुकाबला उनके दो सप्ताह लंबे विदाई दौरे की शुरुआत होगा, जिसमें होबार्ट में दो और वनडे और अगले महीने पर्थ के वाका में एक टेस्ट खेला जाएगा। टेस्ट के साथ हीली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगी।

2014 से विकेटों के पीछे से संभाली कमान

हीली 2014 से ऑस्ट्रेलिया की पहली पसंद की विकेटकीपर रही हैं, और उन्होंने सभी फॉर्मेट में रिकॉर्ड 275 शिकार किए हैं। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में उनके ओपनिंग बल्लेबाज के रूप में खेलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि वो अपने अंतिम सीरीज में कैसा प्रदर्शन करती है।

मूनी को सौंपी गई विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी

बेथ मूनी को लंबे समय से भविष्य की नियमित विकेटकीपर माना जा रहा था, लेकिन टीम प्रबंधन ने इस होम समर में ही उन्हें यह जिम्मेदारी सौंप दी। माना जा रहा है कि टी20 सीरीज में लगातार कीपिंग करने और पिछले एक साल में विकेटकीपिंग में आए सुधार ने उन्हें यह मौका दिलाया। हीली की गैरमौजूदगी में मूनी पहले भी 28 बार पर विकेटकीपिंग कर चुकी हैं।

सीरीज से पहले मूनी ने कहा कि फुल-टाइम जिम्मेदारी मिलने से उनकी तैयारी बेहतर होगी। उन्होंने स्वीकार किया कि अलग-अलग फील्डिंग पोजीशन और कीपिंग के बीच संतुलन बनाना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन अब स्पष्ट भूमिका मिलने से उन्हें फायदा होगा।

जून में होगा टी20 वर्ल्ड कप

ऑस्ट्रेलिया का अगला कार्यक्रम वेस्टइंडीज का मल्टी-फॉर्मेट दौरा और जून में इंग्लैंड में होने वाला टी20 वर्ल्ड कप है। ऐसे में मूनी का स्थायी विकेटकीपर बनना टीम की निरंतरता और भविष्य की योजनाओं के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है।

वनडे सीरीज के लिए दोनों टीमों की पूरी स्क्वाड

भारत की वनडे टीम: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), वैष्णवी शर्मा, दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, हरलीन देओल, स्नेह राणा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, क्रांति गौड़, काश्वी गौतम।

ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम: फोएबे लिचफील्ड, जॉर्जिया वोल, एश्ले गार्डनर, ताहिला मैक्ग्रा, एलिस पेरी, जॉर्जिया वेयरहैम, सोफी मोलिनेक्स (कप्तान), निकोला कैरी, किम गार्थ, अलाना किंग, एनाबेल सदरलैंड, एलिसा हीली, बेथ मूनी, डार्सी ब्राउन।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com