

स्पोर्ट्स डेस्क, नवभारत: आईपीएल 2025 के लिए मेगा ऑक्शन 24 और 25 नवंबर को सऊदी अरब में जेद्दा के आबादी अल जोहर एरिना में होने वाला है। इस नीलामी में दुनियाभर के 1,574 खिलाड़ियों ने अपना नाम रजिस्टर कराया है। जिसमें इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन भी शामिल हैं। लेकिन इंग्लैंड के दिग्गज टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने रजिस्ट्रेशन नहीं करया है। जिसके बाद अब ऐसा माना जा रहा है कि उनका आईपीएल का करियर खत्म हो गया है।
बेन स्टोक्स ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके), राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स के लिए खेलने का अनुभव है। लेकिन अब मेगा ऑक्शन के लिए अपना नाम न देने का खामियाजा बेन स्टोक्स को इस रूप में भुगतना पड़ सकता है कि वह साल 2027 तक आईपीएल में नहीं खेल पाएंगे।
बीसीसीआई ने एक नया नियम जारी किया है, जिसे मेगा ऑक्शन से पहले ही लागू कर दिया गया था। इसके तहत विदेशी खिलाड़ियों को मेगा ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराना होगा। अगर वह खिलाड़ी अपना नाम दर्ज नहीं करवाता है तो वह अगले साल होने वाली मिनी नीलामी में हिस्सा नहीं ले पाएगा।
इसका मतलब यह है कि बेन स्टोक्स न सिर्फ आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से चूक जाएंगे बल्कि आईपीएल 2026 के लिए होने वाली मिनी नीलामी में भी अपना नाम दर्ज नहीं करवा पाएंगे। नए नियम में एक पहलू यह भी शामिल है कि अगर कोई खिलाड़ी नीलामी में खरीदा जाता है, लेकिन सीजन शुरू होने से पहले किसी कारण से बाहर हो जाता है। ऐसी स्थिति में उस खिलाड़ी पर दो साल का प्रतिबंध लगाया जाएगा।
मेगा नीलामी में अपना नाम दर्ज न करवाने की वजह से बेन स्टोक्स इंडियन प्रीमियर लीग के 2025 और 2026 संस्करणों का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। आईपीएल 2027 में उनका खेलना भी तभी संभव होगा जब कोई टीम उन्हें 2027 की नीलामी में खरीदेगी। स्टोक्स के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 43 मैचों में 920 रन बनाए हैं और 28 विकेट भी लिए हैं।