गुजरात टाइटंस की जीत के बाद भी Shubman Gill को लगा झटका, BCCI ने इस मामले में लगाया जुर्माना

Shubman Gill: शुभमन गिल पर धीमी ओवर गति की वजह से 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है। गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 में पहली जीत दर्ज कर ली है। दिल्ली कैपिटल्स को 1 रन से हराया है।
Shubman Gill Slow Over-Rate Fine
शुभमन गिल (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Shubman Gill Slow Over-Rate Fine: आईपीएल 2026 में बुधवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 1 रन से हरा दिया। जीटी की सीजन की यह पहली जीत थी। इस जीत के बावजूद गुजरात के कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) पर जुर्माना लगाया गया है।

शुभमन गिल पर धीमी ओवर गति की वजह से 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है। बतौर कप्तान गिल की इस सीजन में यह पहली गलती है।आईपीएल की तरफ से जारी बयान में कहा गया, "गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल पर जुर्माना लगाया गया है क्योंकि उनकी टीम ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मैच नंबर 14 के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखी।"

Shubman Gill पर लगाया गया 12 लाख का जुर्माना

बयान में आगे कहा गया, "यह आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत उनकी टीम का इस सीजन का पहला उल्लंघन था, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, इसलिए गिल पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया। अगर गलती दोहराई गई, तो गिल की सजा दोगुनी हो जाएगी। अगर वह तीसरी बार नियमों के खिलाफ जाते हैं, तो गिल पर एक मैच का बैन लग सकता है।"

इससे पहले अय्यर पर लगा है जुर्माना

इससे पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर भी धीमी ओवर गति की वजह से लगातार 2 मैचों में जुर्माना लगाया जा चुका है। श्रेयस पर सीजन के पहले मैच में 12 लाख तो दूसरे मैच में 24 लाख का जुर्माना लगाया गया था। शुभमन गिल पर लगाया गया जुर्माना जीटी को सीजन में मिली पहली जीत के जश्न को शायद ही फीका करे। गुजरात ने बुधवार को दिल्ली को हाथ से निकल चुके मैच में 1 रन से हराकर बेहद अहम दो अंक प्राप्त किए।

मुकाबले का हाल

मैच पर नजर डालें तो डीसी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 4 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए थे। जीटी की तरफ से कप्तान शुभमन गिल ने सबसे बड़ी पारी खेली थी। गिल ने 45 गेंदों पर 5 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 70 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा, विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने 27 गेंदों पर 5 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 52 और वाशिंगटन सुंदर ने 32 गेंदों पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 55 रन की पारी खेली।

जवाब में इस लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम 209 रन ही बना सकी। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए डेविड मिलर ने 20 ओवर में 3 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 41 रन की पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत दिलाने में 1 रन से चूक गए। इसमें कहीं न कहीं उन्हीं का लिया एक निर्णय कारण बना। मिलर के एक सिंगल न लेने के कारण इस मुकाबले में दिल्ली को हार का सामना करना पड़ा। केएल राहुल ने 92 रनों की पारी खेली।

Navbharat Live
navbharatlive.com