आरोन फिंच की जगह पैट कमिंस बने ऑस्ट्रेलिया के नए वनडे कप्तान

Australia pat-cummins-replaces-aaron-finch-as-australias-new-odi-captain
Published on: 
Updated on: 

मेलबर्न: स्टार तेज गेंदबाज पैट कमिंस (Pat Cummins) को ऑस्ट्रेलिया (Australia) की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम (ODI) का नया कप्तान नियुक्त किया गया है, क्योंकि आरोन फिंच (Aaron Finch) ने पिछले महीने इस प्रारूप से संन्यास ले लिया था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (Cricket Australia) ने पुष्टि की कि 29 साल के कमिंस भारत में अगले साल होने वाले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की अगुआई करेंगे। कमिंस (Pat Cummins) ऑस्ट्रेलिया के 27वें एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय कप्तान होंगे।

उन्होंने कप्तानी की दौड़ में स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल और एलेक्स कैरी को पछाड़ा। कमिंस सफेद गेंद के क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की पुरुष टीम की अगुआई करने वाले पहले तेज गेंदबाज हैं। सीए ने हालांकि अब तक एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम के उप कप्तान की घोषणा नहीं की है।

ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बैली ने कहा, ‘‘टेस्ट टीम की कमान संभालने के बाद से पैट (कमिंस) ने शानदार काम किया है और हम भारत में 2023 विश्व कप में उनके एकदिवसीय टीम की कमान संभालने को लेकर उत्सुक हैं। ''

डेविड वार्नर के नाम पर विचार नहीं किया गया क्योंकि उनके कप्तान बनने पर लगा आजीवन प्रतिबंध अब भी जारी है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया हालांकि अपनी आचार संहिता में बदलाव पर विचार कर रहा है। कमिंस को पिछले साल ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया था। फिंच टी20 टीम की अगुआई करना जारी रखेंगे। ऑस्ट्रेलिया अगली एकदिवसीय श्रृंखला अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगा जो तीन मैच की होगी। (एजेंसी) 

Navbharat Live
navbharatlive.com