

Indian W Defeats Bangladesh W In Semi Finals: एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट फाइनल में भारत और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी। रविवार को दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इससे पहले श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था।
इस तरह एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट का फाइनल महिला एशिया कप 2026 के फाइनल की तरह भारत और श्रीलंका के बीच होगा। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए सेमीफाइनल में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत ने शेफाली वर्मा के शानदार शतक की मदद से 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए।
शेफाली वर्मा ने सिर्फ 49 गेंदों में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय T20 शतक पूरा किया। उन्होंने 9 छक्कों और 3 चौकों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। 49 गेंदों में शतक लगाकर शेफाली ने भारतीय महिला क्रिकेट में सबसे तेज T20 शतक के रिकॉर्ड की बराबरी की। स्मृति मंधाना ने भी 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 49 गेंदों में शतक लगाया था।
स्मृति मंधाना ने 19 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 40 रन की पारी खेली। बांग्लादेश की ओर से मारूफा अख्तर, संजीदा अख्तर, राबिया खान और नाहिदा अख्तर ने एक-एक विकेट लिया।
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 15.4 ओवर में सिर्फ 81 रन पर ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से दिलारा अख्तर ने सबसे ज्यादा 24 रन बनाए। भारत के लिए नंदिनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने 3-3 विकेट लिए। श्री चरणी को 2 विकेट मिले, जबकि क्रांति गौड़ और श्रेयांका पाटिल ने एक-एक विकेट लिया।
भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स 2026 महिला क्रिकेट का फाइनल मंगलवार को भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे खेला जाएगा। वहीं, कांस्य पदक के मुकाबले में पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मैच मंगलवार सुबह 5:30 बजे से खेला जाएगा।