

Devajit Saikia Insures Both Trophies BCCI Headquarter: बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को कहा कि पुरुष और महिला, दोनों एशिया कप की ट्रॉफियां आखिरकार मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में जरूर आएंगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोई तय समय नहीं बताया जा सकता, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि दोनों ट्रॉफियां बोर्ड के हेडक्वार्टर में पहुंचेंगी।
पिछले हफ्ते दुबई में एशिया कप का फाइनल जीतने वाली हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से विजेता मेडल और ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।
नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री भी हैं। भारतीय पुरुष टीम ने भी पिछले साल एशिया कप जीतने के बाद नकवी से ट्रॉफी नहीं ली थी।
बीसीसीआई की 95वीं सालाना आम बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सैकिया ने भारतीय महिला टीम को एशिया कप जीतने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीम ने जापान के खिलाफ अपना पहला एशियन गेम्स मैच भी अच्छे तरीके से जीता है और उम्मीद है कि 22 सितंबर को टीम एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतेगी।
सैकिया ने कहा, 'हमें उम्मीद है कि एशिया कप की ट्रॉफियां एक दिन यहां आएंगी। मैं कोई समय-सीमा नहीं बता सकता, लेकिन भरोसा दिला सकता हूं कि दोनों ट्रॉफियां मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम स्थित बीसीसीआई हेडक्वार्टर में जरूर आएंगी।'
आने वाले आईपीएल सीजन की खिलाड़ी नीलामी दिसंबर के दूसरे हफ्ते में होने की उम्मीद है। ये मौजूदा 2023-27 राइट्स साइकिल की आखिरी मिनी-नीलामी होगी। आईपीएल के 20 साल पूरे होने के मौके पर बीसीसीआई अगले सीजन के लिए बड़े जश्न की तैयारी भी कर रहा है।
सैकिया ने बताया कि बीसीसीआई ने दिव्यांग क्रिकेटरों को सपोर्ट देने के लिए राज्य क्रिकेट एसोसिएशन को शामिल करने और उन्हें इस दिशा में सक्रिय करने पर भी चर्चा की है। उन्होंने आगे बताया कि बीसीसीआई दिसंबर 2027 में 100 साल पूरे करेगा। इसके बाद दिसंबर 2027 से एक साल तक बोर्ड की शताब्दी का जश्न मनाने की योजना है।