दलीप ट्रॉफी में दिखा अक्षर पटेल का शानदार प्रदर्शन, भारत डी की मुकाबले में कराई वापसी

अक्षर पटेल ने गुरुवारको दलीप ट्रॉफी प्रतियोगिता के पहले दिन भारत सी के खिलाफ खराब शुरुआत के बाद 86 रन की पारी खेली और फिर दो विकेट झटककर भारत डी को मैच में वापसी कराई।
अक्षर पटेल ने दुलीप ट्रॉफी 2024 में 86 रन बनाए और दो विकेट लिए
अक्षर पटेल (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

अनंतपुर: भारत के स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल इस समय दलीप ट्रॉफी में खेल रहे हैं। उन्होंने मैच के पहले दिन भारत सी के खिलाफ खराब शुरुआत के बाद भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 86 रन की पारी खेली। उसके बाद उन्होंने दो विकेट भी अपने नाम किए और मुकाबले में भारत डी को वापसी कराई।

भारत सी के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज (47 रन देकर दो विकेट) और विजयकुमार विशाक (19 रन देकर तीन विकेट) ने मददगार पिच का फायदा उठाते हुए भारत डी के बल्लेबाजों को आउट कर दिया जिससे टीम 48 रन पर छह विकेट गंवाकर मुश्किल स्थिति में थी।

अक्षर ने सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सतर्कता से शुरुआत की और फिर 118 गेंद में 86 रन बनाकर अकेले दम पर भारत डी को 48.3 ओवर में 164 रन तक पहुंचाने में मदद की। भारत सी ने इसके जवाब में पहले दिन स्टंप तक चार विकेट पर 91 रन बना लिए और वह भारत डी से 73 रन पीछे थी।

पहले 10 ओवर में तेज गेंदबाज हर्षित राणा के दो विकेट झटकने के बाद अक्षर ने आर्यन जुयाल (12) और रजत पाटीदार (13) को आउट कर प्रभावित किया। विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल (नाबाद 32 रन) ने भारत सी के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन किया और स्टंप तक बाबा इंद्रजीत (नाबाद 14 रन) के साथ क्रीज पर डटे थे।

इससे पहले बायें हाथ के इस बल्लेबाज अक्षर ने हाल के दिनों में भारत के लिए लाल और सफेद गेंद के प्रारूप में बल्ले से प्रभावित किया है। उन्होंने अपनी पारी के दौरान आधा दर्जन छक्के लगाए। उन्होंने स्पिनर मानव सुतार के खिलाफ तीन छक्के लगाए।

जानकारी के लिए बता दें कि श्रेयस अय्यर टीम डी की कमान संभाल रहे हैं। लेकिन वह कुछ खास खेल नहीं दिखा पाए। उनके पास आज टेस्ट टीम में वापसी करने का अच्छा मौका था, लेकिन वह इस मौके को भुना नहीं पाए। श्रेयस ने 16 गेंद पर केवल 9 रन बनाकर आउट कर दिया। अपनी पारी में उन्होंने एक चौका जड़ा। उन्हें पवेलियन का रास्ता विजयकुमार ने दिखाया।

(एजेंसी इनपुट के साथ)