Afghanistan vs India : क्रॉस रोलिंग पिच पर बरसेंगे रन, इस तरह से पिच पर चलाया गया रोलर

टी20 विश्व कप 2024 के अब सुपर 8 के महामुकाबले खेले जा रहे है। इसमें भारत सुपर 8 का अपना पहला मुकाबला अफगानिस्तान के साथ आज बारबाडोस के केसिंगटन ओवल स्टेडियम में खेलेगा। मैच से पहले मैदान की पिच में रनों के लिए खास क्रॉस रोलिंग की गई है।
India vs Afghanistan super 8 match
केंसिंग्टन ओवल पिच (सौजन्य- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

ब्रिजटाउन: भारतीय क्रिकेट टीम T20 विश्व कप के सुपर 8 के पहले मुकाबले में आज अफगानिस्तान से भिड़ने जा रही है। भारतीय क्रिकेट टीम अभी तक खेले गए पहले चरण के मैचों में अपनी पहचान के मुताबिक बल्ले से शानदार प्रदर्शन नहीं कर पाई है। इसीलिए उम्मीद जताई जा रही है कि अफगानिस्तान के साथ होने वाले इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों का बल्ला जमकर बोलेगा। इसीलिए पिच पर क्रॉस रोलिंग कराई गई है।

खेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भारतीय क्रिकेट टीम गुरुवार को सुपर 8 के मुकाबले में अफगानिस्तान से जिस मैदान पर खेलने जा रही है, वहां बल्लेबाजों को मदद मिल सकती है। मंगलवार को यहां की पिच स्क्वायर पर क्रॉस रोलिंग कराई गई। जिससे पिच को बल्लेबाजी के लिए मददगार बनाया जा सके।

क्रॉस रोलिंग पिच के फायदे

आमतौर पर देखा जाता है कि विकेट पर एक सिरे से दूसरे सिरे की तरफ रोलर चलाया जाता है, जिसे स्ट्रेट रोलिंग कहते हैं। लेकिन जब पिच को बल्लेबाजों की पसंद का बनाना होता है, तब पिच पर क्रॉस रोलिंग कराई जाती है। क्रॉस रोलिंग से विकेट समतल हो जाता है तथा उसमें दोहरा उछाल खत्म हो जाता है। पेस भी थोड़ी कम हो जाती है और गेंद स्किड नहीं करती है।

ऐसी स्थिति में आज के मैच में इस बात की उम्मीद है कि भारतीय बल्लेबाज अपने बल्लेबाजी का जलवा बिखर सकेंगे। इसीलिए कप्तान रोहित शर्मा के साथ-साथ विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, यशस्वी जायसवाल, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा सहित तमाम बल्लेबाजों ने जमकर बल्लेबाजी की प्रैक्टिस की।

आपको बता दें कि भारतीय प्रशंसकों की नजर इस समय भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली पर है, जो अभी तक इस टूर्नामेंट में दोहरे अंक तक का आंकड़ा भी नहीं छू पाए हैं। उम्मीद की जा रही है कि एक बार फिर जब वह वेस्टइंडीज की पिच पर सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरेंगे तो वह अपने बल्ले का जलवा दिखाने में कामयाब रहेंगे।

वहीं भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव भी स्पिन पर अच्छी खासी प्रैक्टिस कर चुके हैं और अपने आक्रामक शॉट खेलने के लिए बेकरार दिखाई दे रहे हैं। अगर ऑल राउंडर हार्दिक पांड्या की बात की जाए तो अभी तक उनके बल्ले से भी अधिक रन नहीं निकले हैं, ऐसे में उनसे भी सुपर 8 के मैचों में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

वहीं दूसरी तरफ अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान से काफी उम्मीदें हैं। वह अपने टीम के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज फारूकी से आस लगाए हैं, जो अब तक टूर्नामेंट में सर्वाधिक 12 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। यह गेंदबाज भारतीय खिलाड़ियों के लिए परेशानी पैदा कर सकता है। वहीं बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन कर रहे रहमानउल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान से एक बार फिर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है, ताकि भारतीय खिलाड़ियों को तगड़ी टक्कर दी जा सके।

भारतीय टीम गेंदबाजी में एक बार फिर अर्शदीप और जसप्रीत बुमराह पर निर्भर होगी, लेकिन स्पिनरों की मददगार पिच पर अक्षर पटेल या रविंद्र जडेजा में से किसी को बाहर करके कुलदीप को भी आजमाया जा सकता है।

वैसे अगर देखा जाए तो स्पिन में एक बदलाव के अलावा भारत को अपनी प्लेइंग इलेवन में और बदलाव करने की कोई ज़रूरत नहीं है। वहीं वेस्टइंडीज़ से हार के बावजूद अफ़गानिस्तान की टीम भी टीम में परिवर्तन से बचना चाहेगी।

अफ़गानिस्तान (संभावित): 1 रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेट कीपर), 2 इब्राहिम ज़द्रान, 3 गुलबदीन नैब, 4 अज़मतुल्लाह उमरज़ई, 5 मोहम्मद नबी, 6 नजीबुल्लाह ज़द्रान, 7 करीम जनत, 8 राशिद खान (कप्तान), 9 नूर अहमद, 10 नवीन-उल-हक, 11 फ़ज़लहक फ़ारूक़ी।

भारत (संभावित): 1 रोहित शर्मा (कप्तान), 2 विराट कोहली, 3 ऋषभ पंत (विकेट कीपर), 4 सूर्यकुमार यादव, 5 शिवम दुबे, 6 हार्दिक पांड्या, 7 रविंद्र जडेजा, 8 अक्षर पटेल या कुलदीप 9 जसप्रीत बुमराह, 10 मोहम्मद सिराज, 11 अर्शदीप सिंह।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com