

Dhruv Kapila And Tanisha Crasto Mixed Doubles Victory: भारतीय मिक्स्ड डबल्स जोड़ी ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो ने बुधवार को बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। 15वीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मकाओ की लियोंग इओक चोंग और एनजी वेंग ची को लगातार दो गेम में 21-11, 21-11 से हराकर राउंड ऑफ 32 का मुकाबला अपने नाम किया।
ध्रुव और तनिषा अब टूर्नामेंट में भारत की मिक्स्ड डबल्स में इकलौती बची जोड़ी हैं। इससे पहले रोहन कपूर और रुथविका शिवानी गड्डे की जोड़ी को कनाडा के जोनाथन बिंग त्सान लाई और क्रिस्टल लाई के खिलाफ कड़े मुकाबले में 22-20, 19-21, 17-21 से हार मिली। वहीं, आशिथ सूर्या और अमृता प्रमुथेश भी तुर्की के एमरे सोनमेज और यासेमन बेकटास से 21-16, 29-30, 22-24 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
ध्रुव और तनिषा अपनी दूसरी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप खेल रहे हैं। 2025 में पेरिस में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में ये जोड़ी क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन वहां उसे हार का सामना करना पड़ा था। अब तीसरे राउंड में भारतीय जोड़ी के सामने छठी वरीयता प्राप्त चीन की गुओ शिन वा और चेन फांग हुई की चुनौती होगी।
ध्रुव और तनिषा इससे पहले 2023 ओडिशा मास्टर्स का गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने 2024 सैयद मोदी इंटरनेशनल में सिल्वर मेडल भी अपने नाम किया था। मई 2025 में दोनों की वर्ल्ड रैंकिंग 15वीं तक पहुंची थी, जो मिक्स्ड डबल्स जोड़ी के तौर पर उनकी अब तक की सबसे ऊंची रैंकिंग है।
वर्ल्ड चैंपियनशिप में आगे भारतीय खिलाड़ियों के कई अहम मुकाबले भी हैं। महिला एकल में पूर्व चैंपियन पीवी सिंधु का सामना कनाडा की वेन यू झांग से होगा। वहीं, उन्नति हुड्डा महिला एकल में कनाडा की 13वीं वरीयता प्राप्त मिशेल ली के खिलाफ उतरेंगी।
पुरुष एकल में लक्ष्य सेन राउंड ऑफ 32 में अमेरिका के गैरेट टैन से भिड़ेंगे, जबकि आयुष शेट्टी का मुकाबला श्रीलंका के डुमिंडू अबेविक्रमा से होगा। पुरुष डबल्स में एम.आर. अर्जुन और हरिहरन अम्साकारुनन की जोड़ी का सामना कोरिया की 15वीं वरीयता प्राप्त कांग मिन ह्युक और की डोंग जू से होगा।