

Matt Renshaw Maiden ODI Century: हरारे में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे को 59 रन से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया की जीत में बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ और गेंदबाज नाथन एलिस की अहम भूमिका रही। रेनशॉ ने करीब 10 साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाया, जबकि एलिस ने 5 विकेट लेकर जिम्बाब्वे की पारी को समेट दिया।
ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 294 रन बनाए। टीम एक समय 107 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद रेनशॉ ने पारी को संभाला और निचले क्रम के साथ मिलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
मैथ्यू रेनशॉ ने अपना पहला वनडे शतक लगाया। ये उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में करीब 10 साल बाद पहला शतक है। इससे पहले उन्होंने अपना एकमात्र अंतरराष्ट्रीय शतक 2017 की शुरुआत में पाकिस्तान के खिलाफ सिडनी टेस्ट में लगाया था।
रेनशॉ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए छठे नंबर या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी अपना नाम दर्ज कराया। उनसे पहले 2023 वनडे विश्व कप में ग्लेन मैक्सवेल ने अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 201 रन बनाए थे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 235 रन पर ऑलआउट हो गई। नाथन एलिस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए और ऑस्ट्रेलिया को 59 रन से जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। रेनशॉ के लिए ये पारी खास है, क्योंकि इस साल उन्हें T20 विश्व कप शुरू होने से सिर्फ दो दिन पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया था।
उन्होंने टूर्नामेंट में 37 और 65 रन की पारियां खेलकर अच्छा प्रदर्शन किया था। इसके बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अगले महीने होने वाली विश्व टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की 16 सदस्यीय टीम में भी जगह मिली है। ऐसे में रेनशॉ अब तीनों प्रारूपों में ऑस्ट्रेलिया के लिए अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
रेनशॉ ने कहा कि वो फिलहाल भविष्य को लेकर ज्यादा योजना नहीं बना रहे हैं और हर मौके का आनंद लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे क्रिकेट खेलना उनके लिए शानदार अवसर है और वो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तभी कर पाते हैं, जब वो शांत रहते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर उन्हें अगले साल होने वाले 50 ओवर के विश्व कप में खेलने का मौका मिलता है तो ये शानदार होगा, लेकिन फिलहाल वह हर मौके को लेकर खुश हैं।