पहलगाम हमले के बाद खौफ में आए अरशद नदीम, नीरज चोपड़ा का न्योता ठुकराया, भारत आने से किया इनकार

एनसी क्लासिक जेवलिन थ्रो टूर्नामेंट 24 मई से भारत में शुरू होने जा रहा है। इसमें भाग लेने के लिए नीरज चोपड़ा ने पाकिस्तान के अरशद नदीम को आमंत्रित किया था। लेकिन उन्होंने भारत आने से इनकार कर दिया है।
पहलगाम हमले के बाद अरशद नदीम ने क्लासिकल जेवलिन थ्रो के लिए नीरज चोपड़ा का निमंत्रण ठुकराया
नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

स्पोर्ट्स डेस्क: पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारतीय सरकार आंतकियों की तलाश में जुट गई है। सरकार ने भारत में मौजूद पाकिस्तानियों को वापस जाने का आदेश भी दे दिया है। इसी बीच अब पता चला है कि भारत के दिग्गज भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने पाकिस्तान के स्टार खिलाड़ी अरशद नदीम को निमंत्रण दिया, लेकिन उन्होंने आने से मना कर दिया है।

दरअसल, एनसी क्लासिक जेवलिन थ्रो टूर्नामेंट 24 मई से भारत में शुरू होने जा रहा है। इसमें नीरज चोपड़ा जैसे स्टार खिलाड़ी भी खेलते नजर आएंगे। खास बात यह है कि नीरज ने इस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान के जेवलिन खिलाड़ी अरशद नदीम को भी आमंत्रित किया था। लेकिन उन्होंने भारत आने से इनकार कर दिया है और नीरज के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। अरशद ने बताया है कि वह इस दौरान दूसरे टूर्नामेंट में व्यस्त रहेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स से पता चला है कि अरशद ने कहा, "मैंने निमंत्रण अस्वीकार कर दिया है, क्योंकि मेरा कार्यक्रम एक साल पहले ही तय था। मैं 27 मई से दक्षिण कोरिया में होने वाली एशियाई मीट में भाग लेने जा रहा हूं।"

हालांकि, पहले की रिपोर्टों में दावा किया गया था कि अरशद नदीम ने निमंत्रण स्वीकार करने की इच्छा व्यक्त की थी, लेकिन आधिकारिक तौर पर निमंत्रण प्राप्त करने के बाद, पेरिस ओलंपिक खेलों के स्वर्ण पदक विजेता ने यू-टर्न लेते हुए निमंत्रण अस्वीकार कर दिया, क्योंकि जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकवादी हमले के बाद दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।

जानकारी के लिए बता दें कि पिछले पांच सालों से एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने के कारण, नीरज और अरशद के बीच अच्छे संबंध हैं और प्रतियोगिताओं के दौरान उन्होंने एक बेहतरीन दोस्ती का परिचय दिया है। नीरज ने हंगरी के बुडापेस्ट में पिछली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था, जबकि अरशद रजत पदक विजेता थे।

गौरतलब है कि पाकिस्तान के अरशद नदीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में गोल्ड मेडल जीता था, जब उन्होंने 92.97 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो फेंककर इतिहास रच दिया था, जबकि भारत के नीरज चोपड़ा ने 89.45 मीटर का थ्रो फेंककर सिल्वर मेडल जीता था।

Navbharat Live
navbharatlive.com