14 नवंबर : देश के प्रथम प्रधानमंत्री का जन्मदिन, बाल दिवस

today in history November 14 Birthday of the country's first Prime Minister, Children's Day
Published on: 
Updated on: 

नयी दिल्ली: इतिहास में 14 नवंबर की तारीख स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन के तौर पर दर्ज है। इस दिन को ‘बाल दिवस’ के तौर पर मनाया जाता है। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में 14 नवंबर 1889 को जन्मे जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से खासा लगाव था और बच्चे उन्हें ‘‘चाचा नेहरू’’ कहकर पुकारते थे। भारत में 1964 से पहले तक बाल दिवस 20 नवंबर को मनाया जाता था, लेकिन जवाहरलाल नेहरू के निधन के बाद उनके जन्मदिन अर्थात 14 नवंबर को ‘बाल दिवस’ के रूप में मनाने का फैसला किया गया। कई देशों में एक जून को बाल दिवस के तौर पर मनाया जाता है। कुछ देश संयुक्त राष्ट्र की घोषणा के अनुरूप 20 नवंबर को बाल दिवस मनाते हैं। इतिहास में 14 नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1681 : ईस्ट इंडिया कंपनी ने बंगाल को एक अलग रियासत बनाने की घोषणा की।

1889 : स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का जन्म।

1922 : ब्रिटिश ब्राडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) ने ब्रिटेन में रेडियो सेवा की शुरूआत की।

1935 : आधुनिक जॉर्डन के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने वाले शाह हुसैन का जन्म।

1948 : ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स का जन्म। वह महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप के सबसे बड़े पुत्र हैं।

1955 : कर्मचारी राज्य बीमा निगम का उद्घाटन।

1964 : आज के दिन को ‘बाल दिवस’ के रूप में मनाने का आधिकारिक ऐलान।

1969 : अपोलो-12 को प्रक्षेपित किया गया, जो तीन अंतरिक्षयात्रियों को लेकर आकाश की अनंत गहराइयों को पार करते हुए चंद्रमा पर पहुंचा।

1973 : महारानी एलिजाबेथ की एकमात्र पुत्री राजकुमारी ऐनी ने फ़ौज में लेफ्टिनेंट मार्क फ़िलिप्स से विवाह किया। यह शाही परिवार के किसी सदस्य का किसी आम शहरी से विवाह करने का विरला अवसर था।

1991: अमेरिका ने लॉकर्बी हमले के लिए लीबिया के दो गुप्तचर अधिकारियों को दोषी ठहराया और उन्हें अमेरिका के हवाले करने की मांग की।

2006 : भारत तथा पाकिस्तान के विदेश सचिवों ने नयी दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान आतंकवाद निरोधक तंत्र विकसित करने पर सहमति जतायी।

2008 : ‘मून इंपैक्ट प्रोब’ चांद की सतह पर उतरा। (एजेंसी)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com