14 मार्च: महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन का जन्म, स्टीफन हॉकिंग का निधन

today in history 14 March Birth of great scientist Albert Einstein, death of Stephen Hawking
Published on
Updated on

नयी दिल्ली: विज्ञान के इतिहास में 14 मार्च का खास महत्व है। दरअसल इस दिन एक महान वैज्ञानिक का जन्म हुआ था और इसी दिन एक अन्य महान वैज्ञानिक ने दुनिया से विदा ले ली थी। सापेक्षता का सिद्धांत और द्रव्यमान एवं ऊर्जा का संबंध बताने वाले महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन का जन्म 14 मार्च 1879 को हुआ था और अंतरिक्ष भौतिकी को नया स्वरूप देने वाले दूसरे महान वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग का 14 मार्च 2018 को निधन हो गया था।

दोनों ही वैज्ञानिकों की महान मेधा को निर्विवाद स्वीकार किया गया। हॉकिंग ने सिर्फ व्हीलचेयर पर बैठे-बैठे ही क्वांटम ग्रेविटी और ब्रह्माण्ड विज्ञान का अध्ययन किया और वह आइंस्टीन के बाद दुनिया के सबसे महान सैद्धांतिक भौतिकीविद् बने। देश-दुनिया के इतिहास में 14 मार्च की तारीख पर दर्ज कुछ और महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 

1879 : अपने सापेक्षता के सिद्धांत से ब्रह्मांड की गुत्थियां सुलझाने वाले महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन का जन्म।

1883: महान अर्थशास्त्री कार्ल मार्क्स का निधन।

1913 : मलयाली लेखक शंकरन कुट्टी पोट्टेक्काट्ट का जन्म।

1931: पहली बोलती भारतीय फिल्म ‘आलमआरा' का प्रदर्शन हुआ।

1939: स्लोवाकिया ने आजादी की घोषणा की।

1963: प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे जयनारायण व्यास का निधन।

1965: फिल्म अभिनेता आमिर खान का जन्म। 

2013: शी चिनफिंग ने चीन की बागडोर संभाली।

2016: रूस ने सीरिया से अपनी सेनाएं वापस बुलाने की घोषणा की।

2018 : कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में सैद्धांतिक भौतिक विज्ञान और गणित के प्रोफेसर रहे स्टीफन हॉकिंग का निधन। शारीरिक विकलांगता के बावजूद ब्रह्मांड विज्ञान के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण शोध कार्य उनके संकल्प और दृढ़ इच्छा शक्ति की मिसाल हैं। (एजेंसी)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com