नवभारत विशेष: भारत-पाकिस्तान के बीच जमी बर्फ पिघलेगी? SCO सम्मेलन में शामिल होगा पाकिस्तान

India Pakistan Relations: दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक होने वाले SCO सभ्यतागत संवाद फोरम में पाकिस्तान अपने मंत्री मुसद्दिक मसूद मलिक को भेजेगा। 3 साल बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का भारत दौरा होगा।
Musaddik Masood Malik
मुसद्दिक मसूद मलिकफोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक एससीओ का सभ्यतागत संवाद फोरम आयोजित होगा।

  • पाकिस्तान ने अपने संस्कृति मंत्री की जगह पर्यावरण मंत्री मुसद्दिक मसूद मलिक को भारत भेजने की पुष्टि की है।

  • मलिक तीन साल से अधिक समय बाद भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री होंगे।

  • सम्मेलन में सभ्यता, संस्कृति, कला, वास्तुकला, भाषा, साहित्य और पांडुलिपियों पर चर्चा होगी।

India Pakistan Diplomatic Engagement: दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) का सभ्यतागत संवाद फोरम (सिविलाइजेशनल डायलॉग) का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय धरोहर व संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खीची को आमंत्रित किया था। इस्लामाबाद ने पुष्टि की है कि वह खीची की जगह अपने क्लाइमेट चेंज व पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसद्दिक मसूद मलिक को इस कॉन्फ्रेंस के लिए भेजेगा। मलिक दिल्ली के इस फैसले के मुखर आलोचक रहे हैं कि अप्रैल 2025 पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि-1960 को 'ठंडे बस्ते में डाल' दिया गया था। मलिक पहले पाकिस्तानी मंत्री होंगे, जो 3 वर्ष से अधिक अंतराल के बाद भारत का दौरा करेंगे। उनसे पहले मई 2023 में बिलावल भुट्टो गोवा में एससीओ की विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे।

इससे अगले वर्ष भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए पाकिस्तान गए थे। दोनों ही अवसरों पर द्विपक्षीय वार्ता नहीं हुई थी। सभ्यतागत संवाद फोरम का आयोजन दिल्ली के पुराने किले में होगा, जिसमें भाग लेने के लिए अभी तक पाकिस्तान के अतिरिक्त चीन, कजाकिस्तान, ईरान, ताजीकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, तुर्की व श्रीलंका ने पुष्टि कर दी है। सम्मेलन में 4 मुख्य सत्र होंगे, जिनका विषय सभ्यतागत व सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, आर्ट व आर्किटेक्चर और भाषा, साहित्य व पांडुलिपियों से होगा।

पाकिस्तान के फैसले से भारत के साथ रिश्ते सुधारने पर सवाल

पाकिस्तानी सरकार ने खीची की जगह मलिक को भेजने का फैसला क्यों लिया है? इसका सीधा जवाब इस्लामाबाद ने नहीं दिया है। उल्लेखनीय है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत व पाकिस्तान के बीच सैन्य झड़प हुई थी, भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लांच किया, जिसके बाद दिल्ली ने 1960 की सिंधु जल संधि को 'ठंडे बस्ते' में डाल दिया था। टेक्नोक्रेट से मंत्री

बने मलिक ने इस साल जून में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि पाकिस्तान 'उन हाथों को काट देगा' जो सिंधु के पानी को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे आलोचक को सभ्यतागत संवाद के लिए भेजने से प्रतीत होता है कि इस्लामाबाद दिल्ली के साथ संबंधों को बेहतर बनाने का इच्छुक नहीं है। सिंधु पर अपने दावे के संदर्भ में पाकिस्तान मोहनजोदड़ो व हड़प्पा तथा अपने देश के अन्य प्राचीन ऐतिहासिक स्थलों में सिंधु घाटी सभ्यता को हाईलाइट कर रहा है। विश्व धरोहर दिवस (18 अप्रैल) पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सिंधु घाटी सभ्यता का उल्लेख करते हुए कहा था, पाकिस्तान की सांस्कृतिक विरासत बहुआयामी सभ्यता से समृद्ध है।

Musaddik Masood Malik
पाकिस्तान: शहबाज शरीफ आज दे सकते हैं PM पद से इस्तीफा, यह होंगे के कार्यवाहक प्रधानमंत्री

भारत-पाकिस्तान की साझा सभ्यता और संस्कृति पर जोर

हमारा देश विश्व की सबसे पुरानी सभ्यता का वारिस है। भारत के संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का कहना है, 'मेरा मानना है कि पाकिस्तान की सभ्यतागत व सांस्कृतिक प्रगति हमसे कुछ अलग नहीं रही है। उसे (पाकिस्तान) हमसे जुदा हुए अभी 100 बरस भी नहीं हुए हैं, लेकिन उससे पहले, हम एक साथ ही विकसित हुए हैं। इसलिए इन मुद्दों (सभ्यता व संस्कृति) पर हममें कोई मतभेद नहीं होना चाहिए। एससीओ सभ्यतागत संवाद का उद्देश्य यह देखना है कि एससीओ भू-राजनीतिक, सामरिक व द्विपक्षीय संबंधों से एक कदम आगे बढ़कर हमारे सांस्कृतिक संबंध कैसे मजबूत हो सकते हैं ताकि भविष्य में हम अपने देशों के लोगों के बीच में बेहतर संबंध व कम्युनिकेशन स्थापित कर सकें।'

देश विभाजन के बाद पाकिस्तान सरकार ने विख्यात शायर फैज अहमद फैज से आग्रह किया था कि वह पाकिस्तान की संस्कृति को परिभाषित करें। फैज ने कहा कि इसके लिए अलग से समिति गठित करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि पाकिस्तान की संस्कृति भारत से जुदा नहीं है। इस सच को बोलने के लिए फैज को सलाखों के पीछे भेज दिया गया था।

Musaddik Masood Malik
पाकिस्तान को मिला दिल्ली आने का न्यौता, कांग्रेस बोली- पहलगाम हमले के बाद क्या बदला?

SCO फोरम की दिल्ली में बैठक

भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि पहलगाम के आतंकी हमले को मद्देनजर रखते हुए पाकिस्तान के संदर्भ में भारत अपनी 'राष्ट्रीय नीति' का पालन करेगा। दिल्ली भी इस्लामाबाद से संबंध बेहतर करने की इच्छुक नहीं है। वर्तमान में एससीओ की अध्यक्षता पाकिस्तान के पास है और वह अगले वर्ष राज्य प्रमुखों के सम्मेलन की मेजबानी करेगा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस सम्मेलन में भाग लेना मुश्किल ही लगता है। क्योंकि भारत की घोषित पोजीशन यह है कि टॉक (बातचीत) व टेरर (आतंक) एक साथ नहीं चल सकते। पहलगाम के बाद भारत ने अपना रुख अधिक सख्त किया है।

लेख- शाहिद ए चौधरी के द्वारा