Navbharat Nishanebaaz: आंख नहीं मिलाने' की हेडलाइन, मोदी के सामने 2047 की डेडलाइन

Modi Eye Contact Remark: मोदी के आंख मिलाने और नजरें चुराने की सियासी चर्चा पर निशानेबाज ने फिल्मी गीतों के बहाने व्यंग्य किया है। लेख में 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य पर भी तंज है।
navbharat nishanebaaz
निशानेबाजफोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • लेख में सोनिया गांधी के मोदी से आंख न मिलाने वाले आरोप पर व्यंग्य किया गया है।

  • पड़ोसी के सवालों के जवाब में आंखों से जुड़े कई पुराने फिल्मी गीतों का जिक्र है।

  • अंत में मोदी की गंभीरता को 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़कर कटाक्ष किया गया है।

Sonia Gandhi Modi Political Satire: पड़ोसी ने हमसे कहा, 'निशानेबाज, सोनिया गांधी की शिकायत या आरोप है कि प्रधानमंत्री मोदी उनसे आंख नहीं मिलाते। उनका तात्पर्य है कि ऐसा व्यक्ति किसी से आंख नहीं मिला सकता जिसके दिल में खोट हो। आंख मिलाने के लिए ईमानदारी जरूरी है। अब आप बताइए कि आंख मिलाने के संबंध में आपकी क्या राय है?'

हमने कहा, 'आंख के बारे में किसी आंख के डॉक्टर से पूछिए जो आप्थेमोलाजिस्ट कहलाता है। वह कार्निया, रेटिना, ऑप्टिक नर्व, मायोपिया, कैटरेक्ट, ग्लूकोमा आदि के बारे में बताएगा। आंख में जलन और लाली आने की बीमारी को कंजेक्टिवाइटिस कहते हैं। इससे पीड़ित व्यक्ति से आंख नहीं मिलाना चाहिए वरना आपकी भी आंख आ जाएगी।'

पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, आप हमारे सवाल का सही जवाब नहीं दे रहे हैं। जब मोदी मेलोडी चॉकलेट देकर इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी से आंख मिलाते हैं तो सोनिया गांधी से क्यों आंख चुराते हैं?'

हमने कहा, 'आप सवाल पर सवाल किए जा रहे हैं। इसकी बजाय आप आंखों को लेकर सुरीले फिल्मी गीत सुनिए, 1941 में प्रदर्शित फिल्म 'रतन' का गीत था आंखियां मिला के, जिया भरमा के चले नहीं जाना, ओ हो चले नहीं जाना! इसे जोहराबाई अंबालेवाली ने गाया था। एक और गीत था मिल के बिछुड़ गई अंखियां, हाय रामा मिल के बिछुड़ गई अंखियां! फिल्म सीआईडी में देव आनंद और शकीला पर गीत फिल्माया गया था आंखों ही आंखों में इशारा हो गया, बैठे-बैठे जीने का सहारा हो गया ! धर्मेंद्र की पहली फिल्म शोला और शबनम का गीत था- जाने क्या ढूंढ़ती रहती हैं ये आंखें मुझमें, राख के ढेर में शोला है ना चिनगारी है! फिल्मी हीरो गाता है- तेरी आंख के आंसू पी जाऊं ऐसी मेरी तकदीर कहां! वह यह भी कहता है तेरी आंखों के सिवा दुनिया में रखा क्या है! हीरोइन गाती है- बिछुड़े हुए परदेसी एक बार तो आना तुम, जब आंख मिलाई है, नजरें ना चुराना तुम। गोविंदा का वह गाना भी आपने सुना होगा- अंखियों से गोली मारे, लड़की कमाल रे!'

navbharat nishanebaaz
PM Modi Diwali 2026: बस्तर में आज सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, मुद्दा यह है कि विदेश जाकर हंसने-मुस्कुरानेवाले मोदी भारत में गंभीर बने रहते हैं। उनकी आंखें विकसित भारत की डेडलाइन 2047 को देख रही हैं। तब तक वह किसी से आंख नहीं मिला सकते।'

लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा