

Communal Harmony and Brotherhood: पड़ोसी ने हमसे कहा, 'निशानेबाज, पहले समाज में कितना प्रेम-स्नेह रहता था। पहले एक आदमी दूसरे की मदद के लिए दौड़ा चला आता था। अब वह भाईचारा कहां गया?'
हमने कहा, 'भाई भी है और चारा भी है। पहले यह बताइए कि आपकी प्राथमिकता क्या है? भाई से मिलना है या चारा देखना है? आपकी बुनियादी जरूरत बताइए। शायद हम आपकी कुछ मदद कर सकें।'
पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, हमें एक कायक्रम में सांप्रदायिक एकता, सद्भाव और भाईचारे पर दो शब्द बोलने हैं। कुछ पॉइंट बताइए।'
हमने कहा, 'देश के संविधान में फ्रेटरनिटी शब्द है, जिसका अर्थ बंधुत्व या भाईचारा होता है। पहले हम भाई के बारे में बता देते हैं। भाई को भ्राता या सहोदर भी कहते हैं। भाई छोटा, बड़ा या जुड़वा हो सकता है। सगा या सौतेला भी होता है। भाई चचेरे, ममेरे, फुफेरे होते हैं।
आपने कहावत सुनी होगी 'चोर-चोर मौसेरे भाई!' पुराने जमाने की पारिवारिक फिल्मों के नाम हुआ करते थे- भाई-भाई, दो भाई, भाई हो तो ऐसा, ऐसी फिल्मों में एक भाई की नादानी और दूसरे की भलमनसाहत दिखाई जाती थी। जब एक भाई रूठ जाता था तो दूसरा गाने लगता था चल मेरे भाई, तेरे हाथ जोड़ता हूं।'
पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, हमें मालूम है कि यह गाना फिल्म 'नसीब' का है जिसे ऋषिकपूर, अमिताभ बच्चन को मनाने के लिए गाता है। कुछ ऐसे भी परिवार हैं जहां 2 भाई अलग-अलग पार्टियों में हैं। रही बात चारे की तो बिहार में लालू यादव ने चारा घोटाला किया था जिस कारण उन्हें जेल जाना पड़ा था।'
हमने कहा, 'मुंबई में भाई शब्द का कुछ अलग अर्थ होता है। वहां भाई लोगों का दबदबा चलता है। भाई पूरी निगाह रखता है कि आपके पास कितना पैसा आया। कोई धमकी भरा संदेश भेजता है कि जल्दी आओ, तुमको भाई ने बुलाया है। भाई नहीं चाहता कि आपके पास मोटी रकम का बोझ बढ़े, वह आपका बोझ हल्का करना चाहता है।
भाई जो मांगता है, चुपचाप दे देते हैं। भाई धंधे को सुरक्षा देने की कीमत या प्रोटेक्शन मनी वसूल करता है। मुंबई में मोटी कमाई करने वाले बिल्डर, आर्किटेक्ट, इंटीरियर डेकोरेटर, फिल्म निर्माता आम तौर पर भाई को 'हफ्ता' दिया करते हैं। यदि भाई का कहना नहीं माना तो वह टपका देता है। प्रॉपर्टी का झगड़ा भी भाई के इशारे पर सुलझता है जिसमें वह मोटा कमीशन खाता है। आजकल ऐसा ही मतलब का भाईचारा देखा जाता है।'
लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा