निशानेबाज: राहुल को भगवान राम बताया, नाना पटोले ने कुछ भी पटाया

Nana Patole Remark : नाना पटोले द्वारा राहुल गांधी को भगवान राम बताने पर राजनीतिक चापलूसी और महिमामंडन पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी। पढ़ें भारतीय राजनीति में देवतुल्य तुलना की परंपरा।
Nana Patole, Lord Rama
आज का निशानेबाज (सौ.डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

नवभारत डिजिटल डेस्क: पड़ोसी ने हमसे कहा, 'निशानेबाज, हमने एक गीत सुना था जिसके बोल थे-देखो ऐ दीवानो ऐसा काम ना करो, राम का नाम बदनाम ना करो। इस समय महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नाना पटोले ने राहुल गांधी को भगवान राम बता दिया। यह कैसी चापलूसी है?' हमने कहा, 'कांग्रेस के नेताओं का पहले से यह हाल रहा है। इंदिरा गांधी की चाटुकारिता करते हुए तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष देवकांत बरूआ ने कहा था-इंडिया इज इंदिरा एंड इंडिया इज इंदिरा!

नाना पटोले ने कहा कि जिस तरह भगवान राम ने दबे-कुचले, पीड़ित वंचितों के लिए काम किया उसी तरह राहुल गांधी भी पूरे देश में गरीबों और दलितों की आवाज मजबूती से उठा रहे हैं। इस तरह की चमचागिरी अन्य पार्टियों में भी मिलेगी। आपको याद दिला दें कि जब जनता पार्टी की सरकार थी तब राज नारायण ने चौधरी चरणसिंह को राम और खुद को उनका हनुमान बताया था। इसी तरह कुछ वर्ष पूर्व ओडिशा के बीजेपी सांसद प्रदीप पुरोहित ने लोकसभा में दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व जन्म में छत्रपति शिवाजी महाराज थे।

यह रहस्य उन्हें गंधमर्दन पहाड़ी क्षेत्र में रहनेवाले संत गिरिजा बाबा ने बताया था।' पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, यदि बीजेपी सांसद ने मोदी का महिमामंडन किया तो इसमें आश्चर्य की कौन सी बात है! स्वयं मोदी को भी अपने दिव्य स्वरुप की भावनात्मक अनुभूति हुई थी तभी तो उन्होंने कहा था कि मुझे लगता है कि मैं बायोलॉजिकल नहीं हूं। उन्होंने मां गंगा से गहरा नाता जोड़ रखा है। बीजेपी के भक्तजन चाहें तो भीष्म पितामह के समान मोदी को भी गंगापुत्र कह सकते हैं।'

हमने कहा, 'नाना पटोले ने अपनी दिव्य दृष्टि से सफेद टी शर्ट और जीन्स पहनने वाले राहुल गांधी में नीलवर्ण और पीतांबरधारी भगवान राम के दर्शन कर लिए। हिंदू धर्म में पुनर्जन्म की मान्यता है। सत्यनारायण की कथा के 5वें अध्याय में बताया गया है कि महाराजा अल्कामुख अगले जन्म में राजा दशरथ बने। लकड़हारा अगले जन्म में केवट बना और अपनी नाव से भगवान राम को गंगा पार कराई। आपको नाना पटोले की बात नहीं पटती तो जाने दीजिए।'

लेख-चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा

Navbharat Live
navbharatlive.com