प्रश्न पत्र लीक मामलों पर अंकुश लगाने के लिए कड़ा कानून लाएगी MP सरकार, शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान

School Education Minister of Madhya Pradesh Rao Uday Pratap Singh
Published on: 
Updated on: 

भोपाल: मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह (Uday Pratap Singh Yadav) ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने पर अंकुश लगाने के लिए एक सख्त कानून लाएगी। मंत्री भोपाल के सरकारी सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) के 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।

सिंह ने कहा, "हम (स्कूल) परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के मामलों को रोकने के लिए एक प्रणाली शुरू करने जा रहे हैं। कोई भी छात्रों को प्रश्न पत्र उपलब्ध नहीं करा पाएगा। छात्रों को सतर्क रहने की जरूरत है। हमने प्रणाली कड़ी कर दी है।" उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने की योजना बना रही है कि परीक्षा के प्रश्नपत्र बिना लीक हुए निर्धारित केंद्रों तक पहुंचें।

सिंह ने कहा, "हम यह सुनिश्चित करने के लिए एक कड़ा कानून लाएंगे कि परीक्षा केंद्रों के प्रभारी सहित कोई भी व्यक्ति, जो इस तरह के कदाचार में शामिल है, बच न सके। ऐसे कृत्य आपराधिक (गतिविधि) के दायरे में आएंगे। हम आने वाले समय में विधानसभा में एक नया कानून लाएंगे।"