12 जनवरी का इतिहास : अपनी ओजपूर्ण वाणी से युवाओं के मार्गदर्शक बने स्वामी विवेकानंद की जयंती

Important Events on 12 January: स्वामी विवेकानंद की जयंती, राष्ट्रीय युवा दिवस का महत्व और देश-दुनिया में इस दिन घटी प्रमुख ऐतिहासिक घटनाओं के बारे में जानिए।
Swami Vivekanand Jayanti, Aaj ka Ethihas
12 जनवरी का इतिहास (सौ. डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

नई दिल्ली: स्वामी विवेकानंद का नाम इतिहास में एक ऐसे विद्वान के रूप में दर्ज है, जिन्होंने मानवता की सेवा को अपना सर्वोपरि धर्म माना। अमेरिका के शिकागो में धर्मसभा में अपने धाराप्रवाह भाषण से अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में आए भारतीय संन्यासी स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को बंगाल में हुआ था। स्वामी विवेकानंद अपने ओजपूर्ण और बेबाक भाषणों के कारण काफी लोकप्रिय हुए, खासकर युवाओं के बीच...यही कारण है कि उनकी जयंती को पूरा राष्ट्र ‘युवा दिवस' के रूप में मनाता है। उन्होंने मानवता की सेवा एवं परोपकार के लिए 1897 में रामकृष्ण मिशन की स्थापना की।

इस मिशन का नाम विवेकानंद ने अपने गुरु रामकृष्ण परमहंस के नाम पर रखा। 12 जनवरी 2020 को मशहूर काटूनिस्ट और केरल कार्टून एकेडमी के सचिव थॉमस एंटनी का मलप्पुरम जिले के कोट्टकल में दिल का दौरा पड़ने से 62 साल की उम्र में निधन हो गया। दीपिका दैनिक से अपने करियर की शुरूआत करने वाले एंटनी ने 2007 में संयुक्त राष्ट्र राजनीतिक कार्टून पुरस्कार और 2018 में पुर्तगाल के एक संगठन के वर्ल्ड प्रेस कार्टून पुरस्कार समेत कई पुरस्कार जीते थे।

देश-दुनिया के इतिहास में 12 जनवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्‍वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1757 : पश्चिम बंगाल के बंदेल को ब्रिटिश शासकों ने पुर्तगालियों से छीना।

1863 : स्वामी विवेकानंद का जन्म।

1931 : पाकिस्तान के मशहूर उर्दू शायर अहमद फराज का जन्म।

1934 : भारत की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले क्रांतिकारी सूर्यसेन को अंग्रेजों ने फांसी पर लटका दिया।

1976 : जासूसी उपन्यासों की मशहूर लेखिका अगाथा क्रिस्टी का निधन।

1984 : स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के तौर पर मनाने का ऐलान।

1991 : अमेरिकी संसद ने इराक के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के प्रस्ताव को पारित किया।

2010 : हैती में भीषण भूकंप में दो लाख से अधिक लोगों की मौत।

2019 : बुर्किना फासो में जिहादी हमले में 12 नागरिकों की मौत।

2020 : मशहूर काटूनिस्ट और केरल कार्टून एकेडमी के सचिव थॉमस एंटनी का मलप्पुरम जिले के कोट्टकल में दिल का दौरा पड़ने से 62 साल की उम्र में निधन। इसी दिन तुर्की में नौका डूबने से आठ बच्चों सहित 11 आव्रजकों की मौत।

2021 : इंडोनेशिया के पश्चिम जावा प्रांत के एक गांव में भूस्खलन की दो घटनाओं में 13 लोगों की मौत, 26 लोग लापता।

2022 : ब्रिटेन के तत्कालीन प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने मई 2020 में देश में कोरोना वायरस के कारण लागू ‘लॉकडाउन' के दौरान अपने डाउनिंग स्ट्रीट स्थित आवास के गार्डन में पार्टी आयोजित करने को लेकर संसद के निचले सदन ‘हाउस ऑफ कॉमन्स' में माफी मांगी।

2025 : मध्य यमन में गैस स्टेशन पर विस्फोट से आग लगी, 15 लोगों की मौत।

भाषा एजेंसी के द्वारा

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com