12 जून का इतिहास: जब अहमदाबाद में क्रैश हुआ एअर इंडिया का विमान; जानें आज की बड़ी घटनाएं

History Of 12 June: 12 जून का इतिहास अहमदाबाद विमान हादसे की दर्दनाक यादों और नेल्सन मंडेला को मिली उम्रकैद जैसी वैश्विक घटनाओं से भरा है। जानिए आज के दिन इतिहास में क्या-क्या हुआ।
12 June History Ahmedabad Plane Crash
अहमदाबाद विमान हादसे का दृश्य (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

12 June History Ahmedabad Plane Crash: इतिहास के पन्नों में 12 जून की तारीख कई बड़ी और संवेदनशील घटनाओं की गवाह रही है। साल 2025 में आज ही के दिन अहमदाबाद में एक भीषण विमान हादसा हुआ था, जिसने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया। इसके अलावा, रंगभेद के खिलाफ लड़ने वाले नेल्सन मंडेला और एनी फ्रैंक का नाम भी आज की तारीख से जुड़ा है।

अहमदाबाद विमान हादसा: इतिहास का एक काला पन्ना

12 जून का दिन भारत के विमानन इतिहास में एक बेहद दुखद अध्याय के रूप में दर्ज है। साल 2025 में इसी तारीख को एअर इंडिया का एक विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे से लंदन के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के महज कुछ ही मिनटों बाद, यह विमान अनियंत्रित होकर वहीं पास के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भयावह और दिल दहला देने वाले हादसे में विमान में सवार सभी 260 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की मौत हो गई थी। इस घटना की गूंज आज भी देशवासियों के दिलों में एक गहरी टीस बनकर जिंदा है।

नेल्सन मंडेला और रंगभेद के खिलाफ संघर्ष

वैश्विक राजनीति और मानवाधिकारों के लिहाज से भी 12 जून की तारीख बेहद अहम है। साल 1964 में आज ही के दिन, दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद के खिलाफ एक लंबी और ऐतिहासिक लड़ाई लड़ने वाले महान अश्वेत नेता नेल्सन मंडेला को वहां की तत्कालीन सरकार के खिलाफ साजिश रचने का दोषी ठहराया गया था। इस मामले में उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, इस सजा ने उनके हौसलों को पस्त नहीं किया और वे आगे चलकर दक्षिण अफ्रीका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति बने।

देश-दुनिया के इतिहास में 12 जून की कुछ अन्य प्रमुख घटनाएं

1929 : दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान नाजियों के जुल्म का शिकार बनी यहूदी लड़की एनी फ्रेंक का जन्म। नाजियों की कैद के दौरान लिखी गई एनी की डायरी को बाद में किताब के रूप में छापा गया, जिसे दुनियाभर में खूब शोहरत मिली।

1962 : अमेरिका में सैन फ्रांसिस्को की खाड़ी में स्थित कड़ी सुरक्षा वाले कारागार एलकटराज से तीन कैदी भाग निकले। इस जेल को सुरक्षा के हिसाब से अभेद्य माना जाता था और यहां सबसे गंभीर अपराधों वाले कैदियों को रखा जाता था।

1964 : अफ्रीका में रंगभेद के खिलाफ आंदोलन की अगुवाई करने वाले अश्वेत नेता नेल्सन मंडेला को सरकार के खिलाफ साजिश का दोषी ठहराते हुए उम्रक़ैद की सजा।

1972 : महात्मा गांधी के जीवन पर आठ खंड का ग्रंथ लिखने वाले डी जी तेंदुलकर का निधन।

1998 : भारत और पाकिस्तान को परमाणु परीक्षण के कारण जी-8 के देशों द्वारा ऋण नहीं देने का निर्णय। 2001: सीमा मुद्दे पर भारत-बांग्लादेश वार्ता की शुरुआत।

2002: बालश्रम निषेध दिवस की शुरुआत। इस दिवस का मकसद लोगों में बालश्रम को लेकर जागरूकता फैलाना था।

2007: ऑस्ट्रेलिया के स्कूलों में सिख छात्रों को धार्मिक प्रतीक 'कृपाण' रखने की अनुमति मिली।

2018: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन से सिंगापुर में मुलाकात की। एक-दूसरे के चिर-प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले इन दोनों देशों के प्रमुखों के बीच हुई यह पहली मुलाकात थी।

2024: कुवैत में भीषण आग से कई भारतीयों समेत 49 लोगों की मौत।

2025: मध्य अफ्रीकी देश कांगो में नौका डूबने से 30 लोगों की मौत।

2025 : लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त, 260 लोगों की मौत।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com