Karthigai Deepam: एक दीप से जुड़ी है शिव की अनंत ज्योति, अनंत अग्नि स्तंभ से जुड़े कार्तिगई दीपम का रहस्य

Karthigai Deepam Festival: कोर्ट ने 24 नवंबर को दीपथून स्तंभ पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दी है। जानें दीप जलाने की परंपरा, भगवान शिव और मुरुगन से जुड़ी पौराणिक कथा, तिरुवन्नामलाई के महादीपम का महत्व
Thiruparankundram Karthigai Deepam 2026: Know Festival Significance
कार्तिगई दीपम का रहस्य(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • तमिलनाडु के मदुरै में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम को लेकर विवाद।

  • सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीपथून पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दी।

  • कार्तिगई दीपम भगवान शिव और भगवान मुरुगन की आराधना से जुड़ा प्राचीन पर्व है।

  • तिरुवन्नामलाई में पहाड़ी की चोटी पर महादीपम जलाने की परंपरा है।

  • तमिल परिवार घरों, मंदिरों और आंगन में मिट्टी के दीपक जलाकर उत्सव मनाते हैं।

Tiruvannamalai Maha Deepam: तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम पर्व इस बार धार्मिक परंपरा के साथ-साथ कानूनी विवाद को लेकर भी चर्चा में है। सुप्रीम कोर्ट ने पहाड़ी पर स्थित दीपथून नामक पत्थर के स्तंभ पर 24 नवंबर 2026 को दीप जलाने की एक बार अनुमति दी है।

हालांकि, अदालत ने मद्रास हाईकोर्ट के पहले के आदेश के संबंधित निष्कर्षों पर रोक लगाते हुए स्पष्ट किया है कि यह अनुमति किसी स्थायी धार्मिक परंपरा या अधिकार की मान्यता नहीं है। दीप जलाने के लिए केवल अधिकृत मंदिर प्रतिनिधियों और जरूरी सरकारी अधिकारियों को जाने की अनुमति होगी। आम लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

पहाड़ी पर स्थित दीपथून नामक पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम का दीपक जलाने की मांग की गई थी। मद्रास हाईकोर्ट ने पहले इस स्थान पर दीप जलाने की अनुमति देने वाला आदेश दिया था। इसके बाद तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी।

राज्य सरकार का पक्ष रहा है कि परंपरागत रूप से दीपक दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है और दीपथून पर दीप जलाने की स्थापित प्रथा नहीं है। वहीं, याचिकाकर्ताओं का दावा है कि पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाना धार्मिक परंपरा का हिस्सा है।

Thiruparankundram Karthigai Deepam 2026: Know Festival Significance
Kartik Purnima 2026: आज या कल, कब मनाई जाएगी कार्तिक पूर्णिमा? जानें सही तारीख और स्नान का शुभ समय

20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर के लिए सीमित और एक बार की अनुमति दी। अदालत ने यह भी साफ किया कि इस व्यवस्था से भविष्य के लिए किसी पक्ष का स्थायी अधिकार स्थापित नहीं होगा। जिला प्रशासन को सुरक्षा, आने-जाने के रास्ते और आयोजन की व्यवस्था तय करने की जिम्मेदारी दी गई है।

क्या है कार्तिगई दीपम पर्व?

कार्तिगई दीपम तमिलनाडु का प्राचीन और प्रमुख प्रकाश पर्व है। इसे मुख्य रूप से भगवान शिव और भगवान मुरुगन यानी कार्तिकेय से जोड़कर मनाया जाता है। तमिल पंचांग के कार्तिगई महीने में, कार्तिक पूर्णिमा के आसपास कृत्तिका नक्षत्र के संयोग पर यह पर्व मनाया जाता है। वर्ष 2026 में कार्तिगई दीपम 24 नवंबर को मनाया जाएगा।

इस दिन तमिल परिवार अपने घरों के दरवाजों, खिड़कियों, आंगन और छतों पर मिट्टी के छोटे-छोटे दीपक जलाते हैं। दीपों की कतारों से घर और गलियां रोशनी से जगमगा उठती हैं। कई परंपराओं में दीपक केवल घरों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि मंदिरों, खेतों, कुओं और पशुशालाओं के आसपास भी जलाए जाते हैं।

भगवान मुरुगन के जन्म की कथा

कार्तिगई दीपम का संबंध भगवान मुरुगन के जन्म की पौराणिक कथा से भी है। मान्यता के अनुसार, भगवान शिव के तीसरे नेत्र से निकली छह अग्नि चिंगारियां सरवण पोइगई सरोवर में कमल के फूलों पर गिरीं। इनसे छह बालकों का जन्म हुआ। छह कृत्तिका माताओं ने उनका पालन-पोषण किया। बाद में माता पार्वती ने छह बालकों को एक रूप में मिला दिया, जिसके छह मुख थे। इसी कारण भगवान मुरुगन को षण्मुख या अरुमुगन भी कहा जाता है।

Thiruparankundram Karthigai Deepam 2026: Know Festival Significance
Dev Deepawali 2026: आखिर क्यों धरती पर दीप जलाने आते हैं देवी-देवता? जानें भगवान शिव की विजय गाथा

मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी स्थित सुब्रमण्यस्वामी मंदिर भगवान मुरुगन के छह पवित्र निवासों में पहला माना जाता है। मंदिर की परंपरा के अनुसार, सुरपद्मन का वध करने के बाद भगवान मुरुगन ने यहीं देवी देवयानी से विवाह किया था। इस वजह से भी यह स्थान श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है।

भगवान शिव के अनंत अग्नि स्तंभ से जुड़ा है महादीपम

तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई में कार्तिगई दीपम का सबसे बड़ा आकर्षण पहाड़ी पर प्रज्वलित होने वाला महादीपम है। पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार भगवान ब्रह्मा और भगवान विष्णु के बीच श्रेष्ठता को लेकर विवाद हुआ। तब भगवान शिव अनंत अग्नि स्तंभ के रूप में प्रकट हुए। ब्रह्मा हंस बनकर उसका ऊपरी छोर खोजने निकले और विष्णु वराह रूप में निचला सिरा तलाशने लगे, लेकिन दोनों को उस अग्नि स्तंभ का अंत नहीं मिला।

मान्यता है कि वही दिव्य अग्नि स्तंभ अरुणाचल पर्वत के रूप में प्रकट हुआ। इसलिए तिरुवन्नामलाई में भगवान शिव को अरुणाचलेश्वर के रूप में पूजा जाता है। यहां सुबह भरणी दीपम और शाम को पहाड़ी की चोटी पर विशाल महादीपम जलाने की परंपरा है। श्रद्धालु अरुणाचल पर्वत की लगभग 14 किलोमीटर लंबी परिक्रमा भी करते हैं, जिसे गिरिवलम कहा जाता है।

घरों में कैसे मनाते हैं कार्तिगई दीपम?

कार्तिगई दीपम के दिन तमिल परिवार सुबह घरों की सफाई करते हैं और शाम को मिट्टी के दीपक जलाकर सजावट करते हैं। इन दीपकों को अगल विलक्कु कहा जाता है। इन्हें दरवाजों, खिड़कियों, आंगन और रंगोली यानी कोलम के आसपास रखा जाता है।

Thiruparankundram Karthigai Deepam 2026: Know Festival Significance
Kartik Purnima 2026: देव दीपावली पर क्यों जलाए जाते हैं दीप? जानें किन देवी-देवताओं की होती है पूजा

कुछ पारंपरिक रीति-रिवाजों में घर के बाहर एक बड़ा कुत्थु विलक्कु रखा जाता है और उसके आसपास छह दीपक जलाए जाते हैं। इन्हें भगवान मुरुगन और छह कृत्तिका माताओं का प्रतीक माना जाता है। कुछ परिवार 27 नक्षत्रों के प्रतीक के रूप में 27 दीपक भी जलाते हैं।

इस पर्व पर पोरी उरुंडई नामक मिठाई बनाई जाती है, जिसे मुरमुरे और गुड़ से तैयार किया जाता है। इसके अलावा अधिरसम, मुरुक्कू, कोझुकट्टई और माविलक्कु जैसे पारंपरिक पकवान भी बनाए जाते हैं।

कार्तिगई दीपम तीन दिनों तक मनाने की भी परंपरा

कुछ स्थानीय परंपराओं में कार्तिगई दीपम से जुड़े अनुष्ठान तीन दिनों तक चलते हैं। पहले दिन भरणी दीपम के रूप में पांच दीप जलाकर पंचतत्वों की पूजा की जाती है। दूसरे दिन मुख्य पर्व थिरु कार्तिगई या कार्तिगई दीपम मनाया जाता है। तीसरे दिन कुछ क्षेत्रों में कुप्पई कार्तिगई या पंचरात्र कार्तिगई के नाम से दीप जलाने की परंपरा है।

कार्तिगई दीपम केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि तमिल संस्कृति, पारिवारिक परंपराओं और सामुदायिक उत्सव का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। तमिलनाडु के अलावा केरल के कुछ हिस्सों में भी इससे मिलती-जुलती दीपोत्सव परंपराएं देखने को मिलती हैं। इस पर्व के माध्यम से भगवान शिव और मुरुगन की आराधना के साथ प्रकाश, नई शुरुआत और अंधकार पर उजाले की विजय का संदेश दिया जाता है।