

Importance Of Akshat In Worship: देवी-देवताओं को पूजा में अक्षत चढ़ाने की परंपरा सदियों से चली आ रही हैं। लगभग हर शुभ कार्य, यज्ञ, हवन और धार्मिक अनुष्ठान में अक्षत का प्रयोग किया जाता है। शास्त्रों के अनुसार, अक्षत का अर्थ है "जो खंडित न हो" अर्थात ऐसा चावल जो टूटा हुआ न हो। यही कारण है कि भगवान को हमेशा साबुत चावल ही अर्पित किए जाते हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अक्षत समर्पण और पूर्णता का प्रतीक माना जाता है। पूजा में जब किसी सामग्री की कमी रह जाती है, तब उसके स्थान पर अक्षत अर्पित कर उस कमी को पूरा किया जा सकता है। इसी वजह से अक्षत को सभी पूजन सामग्रियों में विशेष स्थान दिया गया है।
ये भी पढ़ें–
पूजा के समय इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि चढ़ाए जाने वाले चावल टूटे हुए न हों। खंडित अक्षत को शुभ नहीं माना जाता। कई लोग कुमकुम या हल्दी के साथ अक्षत मिलाकर भगवान को अर्पित करते हैं, जिसे विशेष रूप से शुभ माना गया है। मान्यता है कि इससे पूजा का संकल्प जल्दी पूर्ण होता है।
धार्मिक ग्रंथों में यह भी उल्लेख मिलता है कि शिवलिंग पर अक्षत अर्पित करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं। वहीं, माता अन्नपूर्णा की कृपा पाने के लिए भी घर में अक्षत का विशेष महत्व बताया गया है। इसी कारण आज भी हर पूजा और मांगलिक कार्य में अक्षत को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाता है।