दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 4 लोगों की दर्दनाक मौत, ट्रक के साथ कई किमी तक गई घिसटती रही कार

Dausa Expressway Crash: दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
delhi mumbai expressway accident dausa car truck crash four killed
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा (Image- Socila Media)
Published on: 
Updated on: 

Dausa Road Accident: दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा दौसा जिले के पापड़दा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के पिलर नंबर-193 के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। मृतक युवक नोएडा के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी बाधित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन ट्रक में बुरी तरह फंस गया। टक्कर के बाद कार 4 किमी तक ट्रक के साथ घिसटती चली गई, जिससे कार सवारों को संभलने या बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिल सका।

चार की मौके पर ही मौत

हादसे में कार में सवार पांच लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों के शव कार के अंदर बुरी तरह फंसे हुए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिस और रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही पापड़दा थाना पुलिस, एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। सबसे पहले ट्रक और कार को अलग किया गया। भारी नुकसान के चलते कार को काटने के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा। काफी प्रयासों के बाद शवों को बाहर निकालकर दौसा जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया।

ट्रक के साथ घिसटती रही कार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद ट्रक चालक को तुरंत हादसे का अंदाजा नहीं हुआ, जिस कारण कार कुछ दूरी तक ट्रक के साथ घिसटती चली गई। जब ट्रक चालक को पीछे से असामान्य झटका और आवाज महसूस हुई, तब उसने वाहन रोका, लेकिन तब तक कार सवारों की जान जा चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और संभवतः चालक को झपकी आना माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है और एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

हादसे के चलते दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस और एक्सप्रेसवे प्रबंधन की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। उनके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी युवक नोएडा के रहने वाले थे और किसी निजी काम से यात्रा कर रहे थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com