पंजाब कांग्रेस बैठक में बवाल, पूर्व सीएम चन्नी के समर्थन में लगे नारे; भूपेश बघेल ने दी कार्रवाई की चेतावनी

Charanjit Singh Channi Slogans: पंजाब कांग्रेस की बैठक में चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारे लगे। भूपेश बघेल ने नोटिस और कार्रवाई की चेतावनी दी है।
Uproar at Punjab Congress meeting; slogans raised in support of former CM Channi; Bhupesh Baghel warns of action.
पंजाब कांग्रेस (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Punjab Congress Meeting: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस अपनी तैयारियों में जुट गई है। पार्टी द्वारा राज्यभर में 'हर बूथ कांग्रेस मजबूत' अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पार्टी के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल लगातार बैठक कर रहे हैं। इस बैठक का उद्देश्य राज्य में पार्टी के बूथ स्तर तक मजबूत करना है। इसी बीच बरनाला में कार्यक्रम के दौरान पंजाब कांग्रेस कैंपेन कमेटी के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारे लगाए गए। यह सब AICC के राज्य प्रभारी महासचिव भूपेश बघेल और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की मौजूदगी में हुआ।

भूपेश बघेल ने कार्रवाई की दी चेतावनी

बैठक में चन्नी के समर्थन में नारे लगने के बाद राज्य के AICC प्रभारी महासचिव भूपेश बघेल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हम उन लोगों की पहचान करेंगे (जिन्होंने नारे लगाए), उन्हें नोटिस भेजेंगे और उसके अनुसार कार्रवाई करेंगे। वहीं, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कार्रवाई की बात करते हुए कहा कि हम उनकी पहचान करेंगे और देखेंगे कि क्या वे कांग्रेस पार्टी के सदस्य थे और जरूरत पड़ने पर उन्हें पार्टी से निकाल देंगे।

AAP नेता ने कसा तंज

पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पंजाब से जुड़े मुद्दों पर बात करने के बजाय पंजाब कांग्रेस अभी अपनी अंदरूनी कलह में उलझी हुई है। आज देशभर में कांग्रेस पार्टी कोई जनहित का मुद्दा नहीं उठा रही है बल्कि वह अपनी अंदरूनी लड़ाइयों में फंसी हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज वे कुर्सी के पीछे भाग रहे हैं और पंजाब के लोग कुर्सी उनको नहीं देने वाले हैं।

पंजाब सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए हरपाल चीमा ने कहा कि पंजाब के लोगों को पता है कि आम आदमी पार्टी ने लगभग 4.5 साल पहले पांच गारंटियां दी थीं। हमने पांचों की पांचों गारंटियां पूरी कर दीं। तो आज मैं समझता हूं कि आने वाले समय में भी सत्ता आम आदमी पार्टी के पास रहेगी। सीएम भगवंत मान एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे।

राजा वडिंग ने किया पलटवार

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन नारे लगने के बाद सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा तंज कसने के बाद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस के किसी कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस कैंपेन कमेटी के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारे लगाए गए तो इसमें क्या गलत है? मैंने भी उनके समर्थन में नारे लगाए हैं। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। अगर चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारे लगाए जाते हैं तो मीडिया और AAP को क्या समस्या है?

Navbharat Live
navbharatlive.com