

MP Political News: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भोपाल में आम आदमी पार्टी (AAP) को छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाले राघव चड्ढा सहित सातों सांसदों पर जमकर तीखा निशाना साधा है। दिग्विजय सिंह ने बीजेपी में शामिल होने वाले AAP सांसदों को लेकर श्राप देने के अंदाज में कहा 'आम आदमी पार्टी के जो सांसद अपनी निष्ठा बदलकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं, जल्द ही उनका सत्यानाश हो जाएगा।'
भोपाल के पास सीहोर में प्रवास के दौरान दिगिवजय सिंह ने दलबदल की राजनीति को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बागी नेताओं का सत्यानाश होने तक का श्राप दे दिया है। इसके साथ ही महिला आरक्षण पर भी बड़ी बातें कहीं।
महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि 'महिला आरक्षण को लेकर भाजपा की नीयत साफ नहीं है और इस मुद्दे पर लगातार झूठ बोल रही है। अगर सरकार सच में इस मुद्दे को लेकर गंभीर है तो इसे भविष्य के बजाय तत्काल लागू करना चाहिए। आरक्षण टालने के लिए कभी परिसीमन तो कभी जनगणना का बहाना बनाया जा रहा है।' दिग्विजय सिंह ने महिला आरक्षण बिल को भाजपा का छलावा ठहराया।
दिग्विजय सिंह ने सुझाव दिया कि, आने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से ही इस आरक्षण की शुरुआत होनी चाहिए। उन्होंने ये भी कहा 'परिसीमन और जनगणना जैसे तर्क केवल देरी करने के बहाने हैं। मौजूदा परिस्थितियों में भी आरक्षण लागू होना पूरी तरह संभव है, लेकिन सरकार इसे लटकाना चाह रही है।'