प्रोफेसर बेटे ने मां के सामने पिता को उतारा मौत के घाट, पैसों को लेकर हुआ था विवाद

भुवनेश्वर में एक बेटे ने वित्तीय विवाद में अपने पिता की चाकू से कई बार वार करके हत्या कर दी। आरोपी ने अपनी मां के ही सामने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
Professor son killed his father by stabbing
(प्रतिकात्मक तस्वीर)
Published on: 
Updated on: 

भुवनेश्वर : वित्तीय विवाद में पेशे से सहायक प्रोफेसर बेटे ने अपने पिता की कथित तौर पर चाकू से कई वार करके हत्या कर दी। घटना बुधवार की है जिसमें सुबह के वक्त आरोपी ने अपनी मां के सामने इस घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

घटना के संबंध में पुलिस उपायुक्त प्रतीक सिंह ने बताया कि मृतक सुनील चौधरी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम नाल्को के सेवानिवृत्त अधिकारी थे। सुनील चौधरी के सीने और पेट पर चाकू से कई बार वार किया गया जिससे उनकी मौत हो गई।

पत्नी से विवाद के कारण माता-पिता के साथ रह रहा था

इस मामले में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय आरोपी अनिरुद्ध चौधरी अपनी पत्नी से विवाद के बाद मंचेश्वर थाना अंतर्गत कलारहंगा क्षेत्र में एक अपार्टमेंट में अपने माता-पिता के साथ रह रहा था। आरोपी अनिरुद्ध चौधरी शहर स्थित एक निजी विधि महाविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है। आरोपी अनिरुद्ध चौधरी ने इस अपराध को आज सुबह अपनी मां सुनीता के सामने अंजाम दिया।

भारी कर्ज से परेशान था आरोपी पुत्र

पुलिस अधिकारी प्रतीक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर एक पीसीआर वैन सुबह करीब साढ़े चार बजे घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुनील को कैपिटल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां के डॉक्टरों ने जांच के बाद सुनील चौधरी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच से पता चला है कि घटना संभवत: वित्तीय विवाद के कारण हुई। पुलिस के अनुसार, अनिरुद्ध कथित तौर पर अपने ऊपर भारी कर्ज से परेशान था। अनिरुद्ध ने पिता से पैसों से सहायता करने के लिये कहा था जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। जब सुनील ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी बेटे ने उन पर चाकू से कई हमले कर डाले। इससे सुनील लहुलुहान होकर गिर गया।

आरोपी की मां से की जायेगी पूछताछ

घटना को लेकर मंचेश्वर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने अपराध स्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार और घटना के समय आरोपी तथा उसके पिता द्वारा पहने गए कपड़े घटना स्थल से एकत्र किये हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुये शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के लिए अनिरुद्ध की मां से भी पूछताछ की जाएगी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com