जगन्नाथ रथ यात्रा पर मंडराया संकट! ओडिशा में भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

Odisha Jagannath Rath Yatra 2026: IMD ने पुरी और जगतसिंहपुर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है क्योंकि लो-प्रेशर सिस्टम के कारण भारी बारिश की संभावना है। इससे जगन्नाथ रथ यात्रा पर खतरा मंडरा रहा है।
odisha jagannath rath yatra 2026 imd alert
जगन्नाथ रथ यात्रा (सौजन्य-IANS)
Published on
Updated on

IMD Odisha Weather Forecast 16 July: ओडिशा में आज यानी (16, जुलाई) गुरुवार से शुरू हो रही वार्षिक जगन्नाथ रथ यात्रा के बीच मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। IMD भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बुधवार को मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे क्षेत्रों में बने स्पष्ट लो प्रेशर एरिया के कारण राज्य में भारी बारिश होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि यह सिस्टम और अधिक मजबूत होकर उत्तर दिशा की ओर बढ़ सकता है। मोहंती के अनुसार, अगले 24 घंटों में यह मौसम प्रणाली और मजबूत हो सकती है। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक व्यापक वर्षा होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को कई जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

ओडिशा के पुरी समेत देशभर में महाप्रभु जगन्नाथ की रथ यात्रा की तैयारी हो चुकी है। रथ यात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुरी पहुंचे हैं। यहां रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इसके बाद भी रथ यात्रा की तैयारियां जोरों पर है। रथ यात्रा के सुचारू आयोजन के लिए प्रशासन और पुलिस सतर्क है।

ओडिशा में भारी बारिश की संभावना

IMD के मुताबिक, 16 और 17 जुलाई को भी राज्य में व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 18 जुलाई से बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है, लेकिन 19 जुलाई तक कई जिलों में हल्की से मध्यम और व्यापक बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग के अपडेट से जगन्नाथ रथ यात्रा पर संकट मंडरा रहा है।

मौसम विभाग ने पुरी और जगतसिंहपुर जिलों के लिए 16 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। मनोरमा मोहंती ने कहा कि पुरी में भारी, बहुत भारी और अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को भी तटीय शहर पुरी में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

समुद्र में न जाने की सलाह

आईएमडी ने यह भी चेतावनी दी है कि 15 से 17 जुलाई के बीच ओडिशा तट के समुद्री क्षेत्र में समुद्र की स्थिति उग्र से अत्यंत उग्र बनी रह सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग ने मछुआरों को इस अवधि में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। साथ ही, भारी बारिश की आशंका वाले जिलों के लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com