ओडिशा: बलंगा पीड़िता ने दिल्ली में एम्स इलाज के दौरान दम तोड़ा, CM ने जताया दुख

Odisha के पुरी जिले के बलंगा में 19 जुलाई के दिन बदामाशों द्वारा जिस 15 साल की किशोरी को आग लगाई गई थी उसने दिल्ली एम्स में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। CM ने पीड़िता की मौत पर दुख व्यक्त किया।
ओडिशा : बलंगा कांड पीड़िता का दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान निधन, मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने जताया दुख
बलंगा कांड पीड़िता का दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान निधन (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Odisha News: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने बलंगा कांड पीड़िता लड़की के निधन पर दुख व्यक्त किया है। लड़की का इलाज दिल्ली स्थित एम्स में चल रहा था। जहां इलाज के दौरान लड़की ने दम तोड़ दिया। इस लड़की की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "बलंगा कांड में पीड़ित बच्ची की मृत्यु का समाचार सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। सरकार और एम्स, दिल्ली की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम के चौबीसों घंटे के प्रयासों के बावजूद, उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि बच्ची की आत्मा को शांति प्रदान करे और उसके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दे।"

ओडिशा की उप मुख्यमंत्री प्रवाती पर‍िदा ने भी घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "एक दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, दिल्ली स्थित एम्स में इलाजरत बलंगा निवासी लड़की का निधन हो गया। हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और इस दुखद स्थिति में उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। हमें गहरा दुःख है कि चिकित्सकों और सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद, उन्हें बचाया नहीं जा सका।"

पुलिस ने अटकलों पर टिप्पणी न करने की सलाह दी

ओडिशा पुलिस ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए लिखा, "इस दुखद समय में संवेदनशील या अटकलबाजी वाली टिप्पणी करने से बचें। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि पीड़िता की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के मद्देनजर संयम और संवेदनशीलता बरतें।"

तीन लड़को ने जिंदा लड़की को जलाया था

बता दें कि 19 जुलाई को 15 साल की लड़की को तीन लड़कों ने आग के हवाले कर दिया था। वह लगभग 70 प्रतिशत तक जल गई थी। पहले उसका इलाज भुवनेश्वर स्थित एम्स में हुआ और फिर बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स रेफर किया गया था। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। दिल्ली स्थित एम्स में चिकित्सा के दौरान पीड़ित बच्ची का बयान कई बार रिकॉर्ड किया गया था। लेकिन, अब तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com