लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर जबरन वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार: पंजाब पुलिस

लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर जबरन वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार: पंजाब पुलिस
Published on: 
Updated on: 

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस (Punjab Police) ने रविवार को मोहाली से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) के नाम पर चलाए जा रहे जबरन वसूली गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान चंडीगढ़ के मलोया निवासी विशाल कुमार (19) के रूप में हुई, जो एक स्थानीय सैलून में काम करता था।

पुलिस ने उसके कब्जे से .32 बोर की एक पिस्तौल के साथ दो कारतूस भी बरामद किए हैं। राज्य पुलिस के विशेष अभियान प्रकोष्ठ, मोहाली के सहायक महानिरीक्षक अश्विनी कपूर ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति द्वारा जबरन वसूली के प्रयासों और धमकी भरे फोन कॉल करने की कई रिपोर्टों के बाद पुलिस ने व्यापक स्तर पर जांच शुरू की थी।

सहायक महानिरीक्षक अश्विनी कपूर ने कहा कि खुफिया जानकारी जुटाने के बाद पुलिस की टीम ने मुख्य संदिग्ध पटियाला के समाना के घंगरोली गांव के विशाल कुमार और उसके सहयोगी कश्मीर सिंह उर्फ बॉबी की पहचान की। पुलिस ने विश्वसनीय खुफिया सूचना के बाद संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर छापा मारा और विशाल को मोहाली के टीडीआई वेलिंगटन सिटी से गिरफ्तार कर लिया, जब वह कथित तौर पर कश्मीर सिंह से मिलने जा रहा था, जिसके इलाके में छिपे होने का संदेह था।

पुलिस अधिकारी अश्विनी कपूर ने कहा, लेकिन कश्मीर सिंह को गिरफ्तार नहीं किया जा सका और पुलिस की टीम उसकी तलाश कर रही है। एआईजी ने कहा कि कश्मीर सिंह चंडीगढ़, मोहाली और अन्य आसपास के इलाकों में नाइट क्लबों और बार के मालिकों सहित संपन्न लोगों को जबरन वसूली और धमकी भरे कॉल करता था जबकि, विशाल उनसे रंगदारी वसूलने के लिए उन्हें डराता था। (एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com