

Wardha District Jal Jeevan Mission: वर्धा जिले में हर घर शुद्ध जल पहुंचाने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी के तहत जल जीवन मिशन सहित प्रादेशिक जलापूर्ति योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में नल कनेक्शन दिए गए हैं।
आवश्यकता के अनुसार अभी भी यह कार्य जारी है। एक ओर जहां नागरिकों को नल से जलापूर्ति की सुविधा मिल रही है, वहीं दूसरी ओर पानीपट्टी टैक्स के भुगतान में नागरिक कोताही बरतते नजर आ रहे हैं। इसके चलते जिले की ग्राम पंचायतें पानीपट्टी टैक्स वसूली के निर्धारित लक्ष्य से काफी पिछड़ती दिखाई दे रही हैं।
वर्धा जिला परिषद के पंचायत विभाग की रिपोर्ट के अनुसार खास व सामान्य पानीपट्टी टैक्स की पिछली बकाया राशि और नई डिमांड को मिलाकर वित्तीय वर्ष 2026-27 में करीब 23 करोड़ 34 लाख 79 हजार रुपये पानीपट्टी टैक्स वसूलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
हालांकि, अब तक केवल 10.27 प्रतिशत टैक्स ही वसूल हो पाया है। ऐसे में आगामी आठ माह में प्रशासन के सामने करीब 20 करोड़ 94 लाख 95 हजार रुपये पानीपट्टी टैक्स वसूलने की चुनौती है।
वर्धा जिले में आठ पंचायत समितियों के अंतर्गत करीब 521 ग्राम पंचायतें हैं। इन ग्राम पंचायतों पर पानीपट्टी टैक्स की वसूली की जिम्मेदारी है। ग्रामीण क्षेत्रों में नल के माध्यम से जलापूर्ति की जाती है, जिसके एवज में नागरिकों से पानीपट्टी टैक्स वसूला जाता है।
इस टैक्स से प्राप्त राशि गांवों की बुनियादी सुविधाओं पर खर्च की जाती है। लेकिन नियमित रूप से टैक्स की वसूली नहीं होने से गांवों में विकास कार्य प्रभावित होते हैं और ग्राम पंचायतों का आर्थिक गणित भी बिगड़ जाता है। जानकारी के अनुसार, खास पानीपट्टी टैक्स की 31 मार्च 2026 तक पिछली बकाया राशि 458.92 लाख रुपये थी, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1765.82 लाख रुपये पानीपट्टी टैक्स वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पिछली बकाया और नई डिमांड को मिलाकर इस वित्तीय वर्ष में कुल 22 करोड़ 24 लाख 74 हजार रुपये की वसूली का लक्ष्य है। इसके मुकाबले गत चार माह में केवल 228.68 लाख रुपये, यानी 10.28 प्रतिशत पानीपट्टी टैक्स ही वसूल हो पाया है। मार्च 2027 तक शेष करीब 19 करोड़ 96 लाख 6 हजार रुपये की वसूली करना विभाग के सामने बड़ी चुनौती है। इस संबंध में पंचायत विभाग ने ग्राम पंचायतों को जरुरी निर्देश जारी किए हैं।
वर्धा जिले के पंचायत विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में सामान्य पानीपट्टी टैक्स की भी वसूली की जाती है। इसमें पिछली बकाया राशि 31.64 लाख रुपये है, जबकि नए वित्तीय वर्ष की डिमांड 78.42 लाख रुपये है। इस तरह कुल 110.06 लाख रुपये सामान्य पानीपट्टी टैक्स वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से अब तक 11.17 लाख रुपये, यानी 10.15 प्रतिशत टैक्स की ही वसूली हो पाई है। अभी भी बड़ी मात्रा में सामान्य पानीपट्टी टैक्स की वसूली बाकी है।