वर्धा में सनसनी: पीड़िता की शिकायत पर NCP नेता दिवाकर गमे पॉक्सो केस में गिरफ्तार

Wardha News: वर्धा में राकांपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दिवाकर गमे को 21 वर्षीय युवती के शोषण और पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने नौकरी का झांसा देकर पीड़िता को वर्षों तक प्रताड़ित किया।
NCP leader Diwakar Game has been arrested in Wardha under the POCSO Act for allegedly exploiting a 21-year-old woman for years on the pretext of providing a job. Police have seized objectionable mobile evidence.
वर्धा: दिवाकर गमे (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Wardha Crime News: वर्धा जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के प्रदेश उपाध्यक्ष और वरिष्ठ समाजसेवी दिवाकर गमे (78) के खिलाफ पुलगांव पुलिस ने पॉक्सो सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

आरोप है कि उन्होंने नौकरी दिलाने का झांसा देकर पीड़िता के साथ कई वर्षों तक अशोभनीय व्यवहार किया। मामले के उजागर होने के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। बताया जाता है कि दिवाकर गमे की हिंगनघाट तहसील में एक शैक्षणिक संस्था है। वे कई वर्षों से अखिल भारतीय महात्मा फुले समता परिषद से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में संगठन के विदर्भ अध्यक्ष हैं। इसके अलावा वे महाज्योती के पूर्व संचालक भी रह चुके हैं। जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में उनका बड़ा नाम माना जाता है। ऐसे प्रतिष्ठित व्यक्ति पर लगे आरोपों के कारण प्रकरण को लेकर असंतोष व्यक्त किया जा रहा है।

पुलगांव पुलिस स्टेशन में 21 वर्षीय पीड़िता द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने हिंगनघाट के मारोती वार्ड निवासी दिवाकर गमे के खिलाफ पॉक्सो और विनयभंग की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। शनिवार को उन्हें हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच उपविभागीय पुलिस अधिकारी डॉ. वंदना कारखेले कर रही हैं।

पीड़िता के परिवार से थी पहचान

बताया जाता है कि आरोपी की पीड़िता के परिवार से अच्छी पहचान थी। प्रतिष्ठित व्यक्ति होने के कारण परिवार ने उन पर विश्वास जताया था। परिवार की दो बेटियों को नौकरी दिलाने की जानकारी भी आरोपी के पास थी। इसी आधार पर पीड़िता को भी अपनी संस्था में नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया। पीड़िता ने 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद नीट की कोचिंग दिलाने के बहाने आरोपी उसे नासिक भी लेकर गया था। परिवार का आरोपी पर विश्वास होने के कारण पीड़िता उसकी हरकतों को मजबूरी में सहन करती रही। वर्ष 2021 से आरोपी उसे परेशान कर रहा था।

मोबाइल में मिले अश्लील संदेश

आरोपी की हरकतों से तंग आकर पिछले कुछ महीनों से पीड़िता ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी। इसके बावजूद आरोपी उसे बार-बार फोन करता और मोबाइल पर अश्लील संदेश व वीडियो भेजता था। वर्धा पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त किया है, जिसमें कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की जानकारी सामने आई है। पीड़िता ने पुलिस के समक्ष कई गंभीर खुलासे किए हैं। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य एकत्र कर आगे की जांच कर रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com