अंधेरी में घरेलू विवाद बना मौत की वजह, पति की पिटाई के बाद महिला की मौत

Versova Woman Death News: वर्सोवा इलाके में घरेलू विवाद के बाद पति द्वारा कथित पिटाई से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी पति को गिरफ्तार कर सदोष मानव वध का मामला दर्ज किया है।
Versova Woman Death Case
वर्सोवा घरेलू हिंसा केस (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Versova Woman Death Case: अंधेरी के वर्सोवा इलाके में मामूली घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया, जहां पति द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई के बाद एक 42 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका का नाम रुक्साना शहानुद्दीन शेख बताया गया है।

वर्सोवा पुलिस ने पति शहानुद्दीन दालीमुद्दीन शेख के खिलाफ सदोष मानव वध का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जारा रज्जाक शेख अपने परिवार के साथ अंधेरी स्थित यारी रोड, वर्सोवा के सागर कुटीर संघ परिसर में रहती हैं। मृतका रुक्साना उनकी बड़ी बहन थीं और अपने पति शहानुद्दीन के साथ पड़ोस में ही रहती थीं।

बेरहमी से पिटाई के बाद बिगड़ी पत्नी की हालत

दंपति के दो बच्चे थे, जिनमें से एक बच्चे की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। बताया जाता है कि रुक्साना को सिजेरियन डिलीवरी के बाद से लो ब्लड प्रेशर की समस्या थी। 18 मई को किसी घरेलू कारण को लेकर रुक्साना और उसके पति शहानुद्दीन के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में आकर आरोपी पति ने रुक्साना की लात घूंसों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसके पेट में गंभीर चोटे आई। घटना की जानकारी मिलते ही जारा और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और रुक्साना को तुरंत कूपर अस्पताल में भर्ती कराया, वहां उसका सोनोग्राफी और एक्स-रे किया गया।

लगातार बढ़ रहा था पेटदर्द

प्राथमिक उपचार के बाद देर रात उसे घर भेज दिया गया था, लेकिन घर लौटने के बाद उसके पेट में फिर तेज दर्द शुरू हो गया। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक दिन इलाज के बाद डिस्चार्ज दे दिया गया हालाकि उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और पेट दर्द लगातार बढ़ता गया।

इसके बाद परिजन उसे लाइफ केयर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां इलाज के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे दोबारा कूपर अस्पताल रेफर किया गया कूपर अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ऑपरेशन करने का फैसला लिया।

रात करीब साढ़े दस बजे ऑपरेशन किया गया, लेकिन ऑपरेशन के बाद रुक्साना को होश नहीं आया और उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पेट पर गंभीर मारपीट के कारण उसकी हालत बिगड़ने और उसी वजह से मौत होने की आशंका जताई गई है। घटना के बाद मृतका की बहन जारा शेख ने वर्सोवा पुलिस स्टेशन में आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत और जांच के आधार पर पुलिस ने शहानुद्दीन शेख के खिलाफ मामला दर्ज कर शुक्रवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com