ठाणे में खूनखराबा और हादसा...दो चचेरे भाइयों की हत्या, एक की डूबने से मौत, जांच में जुटी पुलिस

Thane News: ठाणे जिले में कुछ अज्ञात हमलावरों ने दो चचेरे भाइयों की हत्या कर दी। वहीं दूसरी घटना में एक झील में तैरने गए 21 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। दोनों घटनाओं पुलिस जांच कर रही है।
Thane two cousins murdered one died due to drowning
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on: 
Updated on: 

Thane Crime News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से दो घटनाएं सामने आयी है। पहली घटना में कुछ अज्ञात हमलावरों ने दो चचेरे भाइयों की कथित तौर पर हत्या कर दी। वहीं दूसरी घटना में एक झील में तैरने गए 21 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। दोनों घटनाओं पुलिस जांच कर रही है।

पहला मामला ठाणे जिले की भिवंडी तालुका का है। यहां के पुलिस इंस्पेक्टर हर्षवर्धन बर्वे ने बताया कि घटना सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे थाना क्षेत्र के खरदी गांव में हुई। अज्ञात हमलावरों ने दो चचेरे भाइयों पर तलवार और चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि हमले में गंभीर रूप से घायल हुए दोनों भाइयों को पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले की वजह का फिलहात पता नहीं चल सका है।

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान खरदी गांव निवासी प्रफुल्ल तांगड़ी (42) और चेतन तांगड़ी (22) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

ठाणे की झील में एक युवक की डूबने से मौत

वहीं दूसरी घटना ठाणे शहर की है। यहां एक झील में तैरने गए 21 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। ठाणे महानगर पालिक के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि घटना सोमवार शाम ओवला इलाके के पाखंडा झील में हुई।

मृतक की पहचान छत्रपति संभाजीनगर के निवासी तेजस दुधावडे के रूप में हुई है। दुधावडे ओवला इलाके में एक व्यक्ति से मिलने आया था। वह झील में तैरने गया और इस दौरान डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों की मदद से युवक को पानी से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। कासारवडवली पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com