ठाणे में 19 साल बाद भी नहीं मिला SRA का घर, भड़के विधायक संजय केलकर ने दिए अक्षम बिल्डर को हटाने के निर्देश

Thane SRA Project: ठाणे में SRA प्रोजेक्ट 19 साल से अटका, 500 परिवार बेघर। विधायक संजय केलकर ने सख्त निर्देश देकर अक्षम बिल्डर को हटाकर नया विकासक नियुक्त करने को कहा।
thane sra project delayed 19 years mla sanjay kelkar orders to remove builder
जनसेवक का जनसंवाद के दौरान विधायक संजय केलकर (सोर्स: नवभारत फोटो)
Updated on

Thane SRA Project Delayed 19 Years: ठाणे के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर रोड स्थित SRA पुनर्वसन प्रकल्प पिछले 19 साल से लटका हुआ है। इसके चलते करीब 500 परिवार अपने हक के घर से वंचित हैं। वे न्याय के दर-दर भटक रहे हैं। सोमवार को भाजपा के खोपट कार्यालय में आयोजित जनसेवक का जनसंवाद कार्यक्रम में पीड़ित रहिवासियों ने विधायक संजय केलकर को ज्ञापन सौंपा।

विधायक केलकर ने मौके पर ही संबंधित SRA अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर मौजूदा विकासक सक्षम नहीं है तो उसे हटाकर तुरंत नया सक्षम विकासक नियुक्त कर इस प्रकल्प को आगे बढ़ाया जाएगा। नागरिकों को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है। बुद्ध-फुले रहिवासी पुनर्वसन प्रकल्प के रहिवासियों ने बताया कि 19 साल से सिर्फ कागजों पर ही यह योजना है। विकासक ने कोई काम शुरू नहीं किया, जिससे सैकड़ों परिवार किराए पर रहने और आर्थिक तंगी झेलने को मजबूर हैं।

कापुरबावडी के 25 दुकानदारों को नोटिस

कापुरबावडी के गाला धारकों ने भी अपनी व्यथा सुनाई। यहां पिछले 50 सालों से करीब 25 दुकानदार व्यवसाय कर रहे हैं। अचानक उन्हें नोटिस देकर कहा गया कि यह जमीन आदिवासी जमीन है, इसलिए खाली करनी होगी। इससे दुकानदारों के पैरों तले जमीन खिसक गई है।

इस पर विधायक केलकर ने सवाल उठाया कि कई दशकों से ये लोग यहां कारोबार कर रहे हैं, तो अब अचानक नोटिस क्यों? क्या आदिवासियों को आगे करके किसी विकासक को फायदा पहुंचाने की साजिश है? उन्होंने कहा कि गाला धारकों को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन से बात की जाएगी।

डॉक्टरों की समस्या भी सुलझी

इस दौरान राजीव गांधी मेडिकल कॉलेज के निवासी डॉक्टर भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने हॉस्टल की जर्जर हालत, वाई-फाई न होने और मार्च से बकाया वेतन की शिकायत की। विधायक केलकर ने तुरंत अधिकारियों से बात की। अधिकारियों ने एक हफ्ते के भीतर हॉस्टल की मरम्मत शुरू करने, वाई-फाई कनेक्शन तुरंत लगाने और डॉक्टरों की बकाया राशि एक सप्ताह में देने का आश्वासन दिया।

भुतम् भयम् फिल्म को मिला प्राइम टाइम

मराठी फिल्म 'भुतम् भयम्' की टीम भी इस कार्यक्रम में पहुंची। उन्होंने मॉल में फिल्म के प्रदर्शन के लिए प्राइम टाइम स्लॉट की मांग की। विधायक केलकर ने तुरंत हस्तक्षेप कर दो मॉल में प्राइम टाइम दिलवाया और अन्य मॉल को भी पत्र भेजने की बात कही।

कार्यक्रम के अंत में विधायक संजय केलकर ने कहा कि आम जनता की समस्याएं सुनना और उन्हें समय पर हल करना ही जनप्रतिनिधि का धर्म है। SRA प्रकल्प हो या छोटे दुकानदारों का मामला, सभी को न्याय मिलेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com