Thane में 7 दिन के नवजात को 6 लाख में बेचने की कोशिश नाकाम, 5 आरोपी गिरफ्तार

Maharashtra News: ठाणे पुलिस ने 7 दिन के नवजात शिशु को 6 लाख रुपये में बेचने की साजिश का पर्दाफाश कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मानव तस्करी की आशंका जतायी जा रही है।
Crime News
क्राइम न्यूज (डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Thane News In Hindi: ठाणे में पुलिस ने मानव तस्करी के एक रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए सात दिन के नवजात शिशु को 6 लाख रुपये में बेचने की कोशिश कर रहे 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

मुखबीरों से मिली जानकारी के आधार पर ठाणे पुलिस के मानव तस्करी रोधी प्रकोष्ठ ने आरोपियों को पकड़ने के लिए योजना बनाई। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने एक फर्जी खरीदार का इस्तेमाल किया ताकि यह पुष्टि की जा सके कि क्या कोई गिरोह वास्तव में नवजात को बेचने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि गिरोह को बयाने के रूप में यूपीआई के जरिए 20,000 रुपये दिए गए थे जबकि शेष 5.8 लाख रुपये नकद देने थे।

फर्जी ग्राहक द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सौदे के लिए आए सभी पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकर संभाजी मनोहर (36) के रूप में हुई है, जिसने नकद राशि ली थी।

इसके अलावा अन्य आरोपियों की पहचान रेशमा शहाबुद्दीन शेख (35), जो बच्चे को लेकर आई थी। इगतपुरी निवासी एजेंट नित्तिन संभाजी मनोहर (33) और शेखर गणेश जाधव (35) तथा मुंबई के मानखुर्द निवासी एजेंट आसिफ चांद खान (27) के रूप में हुई है।

शिशुओं के अपहरण का हिस्सा

बदलापुर (पश्चिम) थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस गिरोह ने नवजात को छह लाख रुपये में बेचने की साजिश रची थी। हमें संदेह है कि यह घटना शिशुओं के अपहरण और उन्हें नि संतान दंपतियों को बेचने से जुड़ी आपराधिक साजिशों का हिस्सा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com