ठाणे मनपा का 6,221.12 करोड़ रुपये का बजट पेश, करों में बढ़ोतरी नहीं, शिक्षा-स्वास्थ्य व पर्यावरण पर ध्यान

Thane Budget 2026: ठाणे महानगरपालिका ने 2026-27 के लिए 6,221.12 करोड़ रुपये का बजट पेश किया है, जिसमें किसी भी कर में बढ़ोतरी नहीं की गई ।
ठाणे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, Thane Municipal Corporation budget 2026-27
Thane city development plan (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Thane Municipal Corporation: राज्य की बड़ी महानगरपालिकाओं में शामिल ठाणे नगर निगम का आर्थिक वर्ष 2026-27 का बजट आयुक्त सौरभ राव ने आम सभा में पेश किया। 6,221.12 करोड़ रुपये के इस बजट में किसी भी कर में बढ़ोतरी किए बिना आय बढ़ाने के प्रयासों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। सोमवार को मेयर शर्मिला पिंपोलकर की अध्यक्षता में आयोजित आम सभा में आयुक्त सौरभ राव ने शहर के सतत विकास का खाका पेश करते हुए बजट के प्रमुख उद्देश्य बताए।

म्युनिसिपल कमिश्नर सौरभ राव ने बजट बैठक में कहा कि ठाणेकरों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना मनपा की प्राथमिकता है और बजट इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस बार किसी भी प्रकार के कर में वृद्धि नहीं की गई है।

ठाणेकरों के बेहतर जीवन स्तर पर जोर

नगर निगम नए राजस्व स्रोतों को बढ़ाने और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने पर जोर देगा। शहर में स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के साथ “ग्रीन ठाणे” के लिए टिकाऊ समाधान लागू किए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण के साथ ट्रैफिक समस्या के समाधान और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को गति देने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा मनपा विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की योजना भी बजट में शामिल है। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए कल्याणकारी योजनाओं को भी तेज़ी से लागू करने का प्रस्ताव रखा गया है।

पिछले वर्ष राजस्व आय में कमी

बजट पेश करने के बाद आयुक्त सौरभ राव ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि वर्ष 2025-26 के लिए 5,645 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया गया था। जलापूर्ति कर, नगर विकास और अग्निशमन विभाग सहित कई विभागों की आय में कमी आई है।

इस कारण राजस्व आय को 3,523 करोड़ 79 लाख रुपये से घटाकर संशोधित बजट में 3,461 करोड़ रुपये किया गया है। नगर निगम को मिलने वाली सब्सिडी के मामले में मूल बजट में 612 करोड़ 59 लाख रुपये का अनुमान था, लेकिन दिसंबर 2025 तक वास्तव में 1,269 करोड़ 61 लाख रुपये की सब्सिडी प्राप्त हो चुकी है।

संशोधित बजट में सब्सिडी के लिए 1,493 करोड़ 15 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। AMRUT 2.0 Scheme के तहत 60 करोड़ 89 लाख रुपये ऋण लेने की अपेक्षा थी, लेकिन केंद्र सरकार से 98 करोड़ 68 लाख रुपये की ब्याज-मुक्त वित्तीय सहायता प्राप्त हो चुकी है।

4,078 करोड़ रुपये आय का लक्ष्य

आयुक्त के अनुसार, वर्ष 2026-27 के मूल बजट में राजस्व आय 4,078 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है। ग्रांट और ऋण को मिलाकर कुल बजट 6,221 करोड़ 12 लाख रुपये का है। इसमें राजस्व व्यय 3,818 करोड़ 17 लाख रुपये और पूंजीगत व्यय 2,401 करोड़ 55 लाख रुपये प्रस्तावित है। इस तरह लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपये की बचत का अनुमान है। पत्रकार वार्ता में आयुक्त सौरभ राव के साथ अतिरिक्त आयुक्त संदीप मालवी, मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी दीपक शिंदे, ठाणे ट्रांसपोर्ट सर्विस मैनेजर भालचंद्र बेहरे और डिप्टी कमिश्नर जी. जी. गोदेपुरे उपस्थित थे।

परिवहन विभाग का 791.86 करोड़ रुपये का बजट

ठाणे मनपा परिवहन विभाग के लिए 791 करोड़ 86 लाख रुपये का मूल बजट ट्रांसपोर्ट मैनेजर भालचंद्र बेहरे ने मेयर शर्मिला पिंपोलकर को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डिप्टी मेयर कृष्णा पाटिल, सभागृह नेता हनमंत जगदाले, विपक्ष के नेता अशरफ पठान, ग्रुप लीडर पवन कदम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com