

ठाणे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 पर नया एस्केलेटर शुरू।
डी मार्ट फाउंडेशन के सीएसआर फंड से अत्याधुनिक मुफ्त शौचालय बनाया।
सांसद नरेश म्हस्के के प्रयासों से शुरू हुई दोनों सुविधाएं।
Thane Railway Station New Escalator: मुंबई एमएमआर के सबसे व्यस्त ठाणे रेलवे स्टेशन पर दिवाली के पहले यात्रियों को दो नई सुविधाओं की सौगात मिली है। बढ़ती यात्री भीड़ और यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को सांसद नरेश म्हस्के के हाथों नए एस्केलेटर और मुफ्त शौचालय सुविधा का लोकार्पण किया गया। इनमें प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के लिए सीएसएमटी दिशा की ओर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) नंबर-1 पर स्थापित नया एस्केलेटर तथा प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर डी मार्ट फाउंडेशन के सहयोग से बनाया गया मुफ्त शौचालय शामिल है।
ठाणे रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों यात्री लोकल ट्रेनों के अलावा मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों से सफर करते हैं। खासकर प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 पर लंबी दूरी की ट्रेनों के आने-जाने के समय भारी भीड़ रहती है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती थी। यात्रियों की इस समस्या को शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के के सामने उठाया गया था। उनके लगातार प्रयासों के बाद रेलवे ने कुछ ही दिनों में नया एस्केलेटर स्थापित किया।
ठाणे रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर का निर्माण इस तरह किया गया है कि मौजूदा सीढ़ियों के इस्तेमाल में कोई बाधा न आए। पुरानी सीढ़ियों के दोनों ओर डेक की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्री एक साथ एस्केलेटर और सामान्य सीढ़ियों का उपयोग कर सकेंगे।
डी मार्ट फाउंडेशन और मध्य रेलवे के संयुक्त प्रयास से ठाणे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर मुफ्त शौचालय की सुविधा शुरू की गई है। नए शौचालय ब्लॉक में 24 घंटे सफाई कर्मचारियों की तैनाती रहेगी और यात्री इसका निःशुल्क इस्तेमाल कर सकेंगे।
इसके निर्माण में डी मार्ट फाउंडेशन ने सीएसआर फंड उपलब्ध कराया है, जबकि पानी, बिजली, ड्रेनेज और रखरखाव की जिम्मेदारी मध्य रेलवे की होगी। इसके अलावा अब स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई का काम भी डी मार्ट के माध्यम से किया जाएगा।
इस अवसर पर यात्री संगठनों के पदाधिकारियों ने नई सुविधा के लिए सांसद नरेश म्हस्के का सत्कार किया। कार्यक्रम में शहर प्रमुख हेमंत पवार, स्टेशन मैनेजर अपर्णा देवधर, डी मार्ट फाउंडेशन के प्रमुख जयदीप सोमण सहित रेलवे के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए ठाणे स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना जरूरी है। इन दोनों सुविधाओं से यात्रियों का सफर अधिक सुविधाजनक, स्वच्छ और सुरक्षित होगा।