

MP Naresh Mhaske Demands 250 Crore Funds: ठाणे की 26 लाख आबादी के लिए रेल ही मुख्य आवागमन का साधन है। ठाणे स्टेशन पर बढ़ती भीड़ कम करने और कोकण वासियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सांसद नरेश म्हस्के ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दिल्ली में मुलाकात कर कई अहम मांगें रखीं।
सांसद म्हस्के ने कहा कि ठाणे और मुलुंड के बीच नया रेलवे स्टेशन बनाया जा रहा है। इस काम के लिए रेल मंत्रालय ने 250 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं, लेकिन यह राशि अभी रेलवे बोर्ड को हस्तांतरित नहीं हुई है। उन्होंने मंत्री से अनुरोध किया कि फंड तुरंत जारी किया जाए ताकि काम में तेजी आ सके। मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए निधि जल्द वर्ग करने का आश्वासन दिया।
कोविड के बाद बंद की गई ट्रेन संख्या 50103/50104 रत्नागिरी-दादर पैसेंजर को फिर से शुरू करने की मांग की गई। सांसद ने कहा कि यह ट्रेन कोकण के मजदूरों, छोटे व्यापारियों और आम यात्रियों की जीवनरेखा थी। अभी यह ट्रेन दिवा तक ही चल रही है। दिवा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म और पानी की समस्या के कारण ट्रेन को पनवेल में देर तक रुकना पड़ता है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी होती है।
वैकल्पिक रूप से उन्होंने ट्रेन संख्या 10105/10106 दिवा-सावंतवाडी एक्सप्रेस का विस्तार CSMT या LTT तक करने की मांग की। अगर रत्नागिरी-दादर पैसेंजर शुरू करना संभव न हो तो मुंबई-रत्नागिरी के बीच दादर, ठाणे, पनवेल, पेण, रोहा, खेड, चिपलूण आदि स्टेशनों पर रुकने वाली एक नई दैनिक ट्रेन तुरंत चलाई जाए।
जून 2023 में शुरू हुई 22229/22230 मुंबई-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस कोकण और गोवा के यात्रियों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। बुकिंग लगातार 100% से ऊपर है, लेकिन अभी यह सिर्फ 8 डिब्बों के साथ चल रही है और मानसून में इसकी फ्रीक्वेंसी भी घटा दी गई है। सांसद ने मांग की कि मानसून में भी इसे हफ्ते में 6 दिन चलाया जाए। साथ ही गणेशोत्सव के मद्देनजर कोकण जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए अधिकतम स्पेशल ट्रेनें चलाने और कोकण रेलवे पर नई ट्रेनें शुरू करने की भी मांग रखी।
सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि ठाणे और कोकण के लाखों यात्रियों की इन मांगों पर रेल मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया है और जल्द निर्णय का भरोसा दिलाया है।