कल्याण-ठाणे मेट्रो का महा-विस्तार: टिटवाला से बदलापुर तक दौड़ेगी मेट्रो, जानें आपके इलाके का नया रूट मैप

Thane Metro News: महाराष्ट्र सरकार ने ठाणे-कल्याण क्षेत्र में मेट्रो कनेक्टिविटी को बड़ा विस्तार दिया है। मेट्रो-5 अब टिटवाला और बदलापुर तक जाएगी, जबकि मेट्रो-12 को कलवा-मुंब्रा से जोड़ा जाएगा।
Thane Metro Expansion Shrikant Shinde MMRDA Meeting
MMRDA के अधिकारियों के साथ बैठक करते सांसद श्रीकांत शिंदे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Thane Metro Expansion: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं नगरविकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे जिले में अपनी पकड़ और अधिक मजबूत करने के लिए कल्याण लोकसभा क्षेत्र के साथ ही अन्य इलाकों में मेट्रो को विस्तार देने का निर्णय लिया है। ठाणे-भिवंडी-कल्याण मेट्रो-5 को बदलापुर व दुर्गाडी के रास्ते टिटवाला तक बढ़ाया जाएगा। जबकि कल्याण तलोजा मेट्रो 12 का विस्तार कर उसे कलवा-मुंब्रा तक ले जाया जाएगा। दोनों मेट्रो का विस्तार उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पुत्र सांसद  डॉ. श्रीकांत शिंदे के संसदीय क्षेत्र में किया जाना है। इस संदर्भ में सांसद शिंदे ने एमएमआरडीए मुख्यालय में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की और इस संदर्भ में योजना तैयार करने का निर्देश दिया। मेट्रो लाइनों के इस विस्तार से जिले के लगभग सभी शहरों से मेट्रो चलेगी।

जमीन अधिग्रहण और पुनर्वास पर भी चर्चा कल्याण (पूर्व) के यू-टाइप और श्रीमलंग रोड के काम को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए। प्रभावित परिवारों को नजदीकी बीएसयूपी आवास में अस्थायी रूप से शिफ्ट करने और क्लस्टर योजना के तहत स्थायी घर देने की बात कही गई। व्यापारियों के लिए भी दुकानें उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया। सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा कि इन प्रोजेक्ट्स से कल्याण लोकसभा क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी। लोगों का समय बचेगा।

सांसद शिंदे ने की MMRD अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक

कल्याण लोकसभा क्षेत्र में विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को लेकर सोमवार को एमएमआरडीए मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक के दौरान परिवहन के संदर्भ में महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इस अवसर पर एमएमआरडीए आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी, एमएमआरडीए के अतिरिक्त आयुक्त अश्विन मुद्गल मौजूद थे।

इस बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। ठाणे-भिवंडी-कल्याण मेट्रो 5 के विस्तार का निर्णय पहले ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लिया है। इसे बदलापुर तक ले जाया जाना है। इसे दुर्गाडी नाका से कल्याण होते हुए चिखलोली रेलवे स्टेशन तक ले जाया जाएगा, जो बदलापुर और अंबरनाथ शहर के बीच में है। उल्हासनगर में कल्याण-बदलापुर रूट से अंबरनाथ, उल्हासनगर और आस-पास के इलाकों के लोगों के लिए मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे पहुंचना आसान हो जाएगा।

इस संदर्भ में एमएमआरडीए एक प्लान तैयार कर रहा है। सांसद श्रीकांत शिंदे ने अधिकारियों से कहा है कि चिखलोली रेलवे स्टेशन से सीधे बदलापुर तक मेट्रो 5बी की योजना तैयार की जाये, साथ ही दुर्गाडी से सीधे टिटवाला जाने के लिए 5के मेट्रो लाइन बनाने का प्लान भी तैयार किया जाए।

तेज रफ्तार से हो रहा कल्याण-तलोजा मेट्रो 12 का काम

कहा गया कि यदि ये दोनों लाइनें पूरी हो जाती हैं, तो लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और कल्याण व आस-पास के लोगों को ठाणे, नवी मुंबई और मुंबई पहुंचने के लिए कई मेट्रो लाइनें मिल जाएंगी। एमएमआरडीए आयुक्त ने इस बारे में सकारात्मक जवाब दिया है। कल्याण तलोजा मेट्रो 12 का काम तेज़ी से चल रहा है।

इस रूट पर पिलर और स्टेशन बनाने का काम प्रगति पर है। इसके साथ ही, 12ए कल्याण फाटा से तलोजा वाया दहिसर मोरी को भी हाल ही में मंजूरी मिली है। इसके बाद अब मेट्रो 12बी की योजना तैयार की जानी है। इसमें मेट्रो 12 का एक बड़ा रूट मुंब्रा-कलवा से शीलफाटा होते हुए सीधे ठाणे से जुड़ेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com