

Maharashtra ATS Detains 5 Youths Anti National Post: महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने राज्य में संदिग्ध और देश विरोधी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एजेंसी ने ठाणे जिले के मुंब्रा, पड़घा और पालघर जिले में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 5 युवकों को हिरासत में लिया है। इन सभी युवकों पर सोशल मीडिया पर भड़काऊ व देश विरोधी सामग्री शेयर करने और एक संदिग्ध टेलीग्राम ग्रुप का हिस्सा होने का आरोप है। फिलहाल, ATS की टीम सभी पांचों आरोपियों से गुप्त स्थान पर कड़ी पूछताछ कर रही है।
ATS सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए ये युवक साल 2022 से ही एक खास टेलीग्राम ग्रुप से जुड़े हुए थे। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि इस टेलीग्राम ग्रुप को जम्मू-कश्मीर का रहने वाला एक संदिग्ध व्यक्ति संचालित कर रहा था।
जांच एजेंसियां अब इस बात की तह तक जाने में लगी हैं कि इस ग्रुप के जरिए युवकों को किस तरह से प्रभावित या निर्देशित किया जा रहा था। इसके अलावा, इस बात की भी जांच हो रही है कि ग्रुप में किन-किन लोगों को जोड़ा गया था और उनके बीच किस प्रकार की बातचीत होती थी।
जांच एजेंसी के रडार पर आए सोशल मीडिया पोस्ट में कई भड़काऊ और संवेदनशील बातें सामने आई हैं। एक पोस्ट में कथित तौर पर लिखा गया था, "भारत में इस समय रहना बहुत खतरनाक है, इससे अच्छा पाकिस्तान है।"
इसके अलावा भी कई आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट किए जाने की बात सामने आई है। ATS अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या ये पोस्ट सिर्फ इन युवकों के व्यक्तिगत विचार थे, या इसके पीछे कोई बड़ा मकसद या किसी संदिग्ध नेटवर्क का हाथ था।
महाराष्ट्र ATS हिरासत में लिए गए पांचों युवकों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। उनके मोबाइल फोन जब्त कर सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। ATS यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संदिग्ध युवकों के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए उन्हें किसी तरह प्रभावित या निर्देशित तो नहीं किया जा रहा था।
फिलहाल इस मामले में संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेने के बाद पूछताछ और डिजिटल जांच जारी है। ATS की जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि देश विरोधी सोशल मीडिया पोस्ट के पीछे सिर्फ युवकों की व्यक्तिगत सोच थी या फिर इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की सोची-समझी साजिश है।