

ठाणे: संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (Sanjay Gandhi National Park) से सटे उपवन में जहां कुछ घरों में तेंदुआ (Leopard) दिखने की घटना ताजा थी, वहीं घोडबंदर (Ghodbunder) क्षेत्र के कसारवडवली और वाघबिल क्षेत्र में स्थित तीन-चार सोसायटियों की पार्किंग से गुजरते हुए तेंदुआ सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया है। इस संदर्भ में वन विभाग (Forest Department) ने तत्काल तेंदुए की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन वह अभी तक नहीं मिला है। वन विभाग ने भी सोसायटी धारकों को अब सतर्क रहने का निर्देश दिया है। वहीं इस घटना से सोसायटी के रहिवासियों में भय का माहौल बना हुआ है।
गौरतलब है कि घोड़बंदर रोड़ स्थित कसारवडवली और वाघबिल क्षेत्र में कई आवासीय परिसर हैं। ऐसे में यहां के कुछ सोसायटियों की सुरक्षा भी खतरे में हैं क्योंकि तेंदुए को उसी इलाके में एक सोसायटी की सुरक्षात्मक दीवारों से गुजरते हुए देखा गया था। वह 22 फरवरी की रात करीब 1. 30 बजे इसी इलाके से गुजरा। बाद में उन्हें यहां तीन से चार अन्य सोसायटी के सुरक्षा दीवार और प्रवेश दीवार के ऊपर से आगे बढ़ते देखा गया।
उसकी हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई है। लेकिन तेंदुआ कहां से आया और कहां गया। यह प्रश्न बना हुआ है। हलांकि, अब वन विभाग के जरिए इसका पता लगाया जा रहा है। इस बीच इस घटना के बाद से यहां के सोसायटी के लोग दहशत में आ गए हैं। वहीं दूसरी तरफ सूत्रों की माने तो वन विभाग की टीम ने इन्हें राहत देने के लिए एक बैठक की है। बैठक के अनुसार सोसायटी के सुरक्षा गार्डों को भी निर्देश दिया गया है कि अगर वे तेंदुआ देखेंगे तो चिल्लाएंगे, वह भाग जाएगा। साथ ही लाठी-डंडे सुरक्षा गार्डों को सौंपने के भी निर्देश दिए गए हैं। उन्हें ये डंडे बजाते रहने को भी कहा गया है।